तिलपता गांव के फार्म हाउस में 10 मई को हुई शादी में दूल्हे के आगमन और दुल्हन की विदाई के लिए एक हेलीकॉप्टर सर्विस प्रोवाइडर कंपनी के कर्मचारी के फर्जीवाड़ा करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने दमकल अधिकारी की फर्जी आख्या रिपोर्ट तैयार कर आलाधिकारियों को प्रेषित कर दी। एक ही दिन में तीन अधिकारियों की की आख्या मिलने पर जांच की गई तो दमकल विभाग की आख्या रिपोर्ट फर्जी पाई गई।
एसडीएम दादरी और पीडब्ल्यूडी विभाग की आख्या रिपोर्ट की अभी जांच जारी है। मामले में ईकोटेक-3 थाना पुलिस ने आरोपी कर्मचारी पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक ईकोटेक-3 भुवनेश कुमार ने बताया कि गांव तिलपता निवासी राजकुमार की बेटी 10 मई 2021 को भाटी फार्म हाउस शादी संपन्न हुई। विवाह के दौरान दूल्हे के आगमन और दुल्हन की विदाई के लिए दिल्ली के द्वारका स्थित सर्विस प्रोवाइडर कंपनी से हेलीकॉप्टर बुक कराया गया था।
कंपनी ने ही हेलीकॉप्टर उतराने व उड़ान भरने के लिए अनुमति लेने की जिम्मेदारी ली थी। हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के संबंध में सूरजपुर थाना के सब इंस्पेक्टर ने 29 अप्रैल को अपनी संस्तुति सहित आख्या लगाई थी। इसके अलावा अन्य अधिकारियों की भी आख्या रिपोर्ट लगाई जानी थी। बताया गया है कि अग्निशमन अधिकारी, दादरी एसडीएम और पीडब्ल्यूडी विभाग की एक ही दिन में आख्या लगाने पर संदेह हुआ और डीसीपी सेंट्रल जोन ने एतराज लगा दिया। मामले की जांच शुरू हुई तो दमकल अधिकारी की आख्या रिपोर्ट फर्जी निकली।
नहीं पूरी हुई परिजन की इच्छा
आरोपी कंपनी के कर्मचारी के फर्जीवाड़े के चलते रुपये जमा कराने के बावजूद दूल्हा-दुल्हन के लिए हेलीकॉप्टर उपलब्ध नहीं हो पाया। इसके चलते उनके परिजन की इच्छा पूरी नहीं हुई।
दूल्हे के परिजन से धोखाधड़ी में भी पूर्व में दर्ज हुआ था केस
यह पहला मामला नहीं है जब दूल्हा-दुल्हन के लिए हेलीकॉप्टर बुक करने के बाद धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इससे पहले नोएडा निवासी कोमल यादव ने ग्रेनो वेस्ट के एक हेलीकॉप्टर सर्विस प्रोवाइडर कंपनी के संचालकों पर केस दर्ज कराया था। आरोपियों ने बुकिंग की पूरी रकम लेने और दूल्हे के पिता के अधिकारियों से अनुमति लेने के बावजूद हेलीकॉप्टर नहीं भेजा था।