-सोमवार को एक फ्लैट की बालकनी में ईंट गिरने के बाद लिया गया फैसला
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट की सेवियर ग्रीन आर्क सोसाइटी में फ्लैटों की बालकनी में रखी भारी वस्तुओं को हटाना होगा। इसके लिए मेंटेनेंस टीम ने सभी निवासियों को 30 मई तक का समय दिया है। सोमवार को सोसाइटी के फ्लैट की बालकनी में ऊपर से ईंट आकर गिरी थी। इस पर यह आदेश जारी किया गया है। वहीं, इससे पहले ग्रेनो वेस्ट की गौड़ सौंदर्यम व पाम वैली सोसाइटी में पहल हो चुकी है।
ग्रेनो वेस्ट की पाम वैली सोसाइटी में टावर की ऊपरी मंजिल से पत्थर गिरने से व्यक्ति की मौत हो गई थी। घटना के बाद गौड़ सौंदर्यम सोसाइटी में बालकनी की दीवारों से गमलें व अन्य सभी तरह का सामान हटाने का नोटिस जारी कर दिया गया। वहीं, पाम वैली सोसाइटी में भी यहीं आदेश जारी किया गया। अब सोमवार को सेवियर ग्रीन आर्क सोसाइटी में बड़ा हादसा होने से बच गया। टावर-के की 20वीं मंजिल से ईंट टीनशेड को तोड़ते हुए फ्लैट की बालकनी में गिरी। ईंट की चपेट में आने से फ्लैट मालिक बाल बाल बच गए। घटना के बाद मेंटेनेंस टीम ने सुरक्षा के तहत बालकनी से गमले, एसी का आउटर यूनिट और शेड को हटाने का आदेश जारी किया है। मेंटेनेंस टीम ने सभी निवासियों से सहयोग करने की अपील की हैं।