लखीमपुर खीरी। तिकुनिया हिंसा केस में मंगलवार को एडीजे देवेंद्र नाथ सिंह की अदालत में सुनवाई होगी। इससे पूर्व बीती सात नवंबर को हुई सुनवाई में सीएमएस डॉ. आरके कोली की गवाही होनी थी। सीएमएस को दिल का दौरा पड़ने के कारण यह नहीं हो पाई थी।
बीते सप्ताह चार, छह और सात नवंबर को लगातार तीन दिन मामले में सुनवाई लगी थी। इसमें चार नवंबर को पंचनामा भरने वाले दरोगा हेमंत कटियार से बचाव पक्ष के वकीलों ने जिरह की। अभियोजन की ओर से दरोगा अभिषेक पांडेय के बयान दर्ज कराए गए थे। छह नवंबर को 29वें गवाह के रूप में डॉक्टर एसके मिश्र ने अपने बयान दर्ज कराए। इनसे बचाव पक्ष की ओर से जिरह पूरी कर ली गई थी।
इसके बाद सात नवंबर को 30वें गवाह के रूप में सीएमएस डॉक्टर आरके कोली के बयान दर्ज कराए जाने थे, लेकिन सुनवाई की शुरुआत नहीं हो सकी। अभियोजन पक्ष के इंतजार के दौरान पता चला कि सीएमएस डॉक्टर राजकुमार कोली के सीने में तेज़ दर्द होने के चलते उन्हें हार्ट अटैक की बात करते हुए इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया है। अब 11 नवंबर को पोस्टमाॅर्टम में शामिल रहे दूसरे डॉक्टर को तलब किया है। संवाद