स्वास्थ्यकर्मियाें को लगेगी कोविशील्ड वैक्सीन, अधिकांश अस्पतालाें में तैयारी पूरी
नोएडा। जिले में कोरोना टीकाकरण के प्रथम चरण में स्वास्थ्य कर्मियाें को कोविशील्ड वैक्सीन लगाई जाएगी। शासन ने अधिकारियों को इसकी जानकारी दे दी है। करीब 25000 वैक्सीन स्वास्थ्य विभाग को मिलेंगी। वहीं, टीकाकरण को लेकर अधिकांश अस्पतालों में तैयारी पूरी कर ली गई है। 14 जनवरी के आसपास वैक्सीन के जिले में पहुंचने का अनुमान है।
टीकाकरण के पहले चरण में स्वास्थ्य विभाग, निजी और सरकारी अस्पताल कर्मी, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शामिल हैं। दूसरे में पुलिस, सशस्त्र बल, होमगार्ड, जेल कर्मचारी, आपदा प्रबंधन और अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं को टीका लगाया जाएगा। वहीं, तीसरे चरण में 50 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों और 50 वर्ष से कम उम्र के शुगर, सांस, कैंसर, उच्च रक्तचाप आदि रोगों से ग्रसित लोगों को टीका लगाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कोविन पोर्टल पर जिले के 22600 स्वास्थ्यकर्मी पंजीकृत हैं। खराब होने की आशंका के कारण 10 फीसदी अतिरिक्त जोड़ते हुए करीब 25 हजार वैक्सीन की खेप जनपद को भेजी जाएगी। वहीं, वैक्सीन के रखरखाव के लिए जिले में 14 कोल्ड चेन तैयार की गई हैं। टीकाकरण 30 केंद्रों पर होगा। इनमें 16 निजी (100 बिस्तरों से अधिक वाले अस्पताल) और 14 केंद्र सरकारी हैं। वैक्सीनेशन के लिए 75 टीमें बनाई गई हैं। एक टीम में दो सुरक्षाकर्मी, पुलिस और होमगार्ड, एक जांचकर्ता, एक वैक्सीनेटर, एक मोबिलाइजर और प्रथम व द्वितीय चरण में एक अतिरिक्त वैक्सीनेटर मौजूद रहेगा।
टीकाकरण के लिए चयनित अस्पताल
निजी में कैलाश अस्पताल नोएडा सेक्टर-27 और सेक्टर-71, ग्रेटर नोएडा व जेवर, यथार्थ अस्पताल नोएडा सेक्टर-110 व ग्रेटर नोएडा, फोर्टिस अस्पताल सेक्टर-62, अपोलो सेक्टर-26, मेट्रो अस्पताल सेक्टर-11, विनायक अस्पताल सेक्टर-18, क्लाउडनाइन अस्पताल सेक्टर-51, फेलिक्स अस्पताल सेक्टर-137, जेपी अस्पताल सेक्टर-128, सुमित्रा अस्पताल सेक्टर-34, शारदा अस्पताल ग्रेटर नोएडा, क्रश अस्पताल दादरी शामिल हैं। वहीं, सरकारी में जेवर, दादरी, भंगेल, बिसरख के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बिसरख प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला अस्पताल व चाइल्ड पीजीआइ सेक्टर-30, कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) सेक्टर-24, एनटीपीसी दादरी, आर्मी रेफरल ग्रेटर नोएडा और अन्य तीन सरकारी अस्पतालों में टीकाकरण की व्यवस्था होगी।