इवेंट मैनेजमेंट कारोबारी से होंडा सिटी कार लूटी
नोएडा। सेक्टर 129 में पंचशील अंडरपास के पास तीन बदमाशों ने इवेंट मैनेजमेंट कारोबारी की होंडा सिटी कार बुधवार देर रात लूट ली। वारदात उस वक्त हुई जब कारोबारी कार रोककर जूम कॉल पर बात कर रहे थे। कोतवाली एक्सप्रेसवे पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। नोएडा जोन के एडिशनल डीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि मूल रूप से धौलपुर राजस्थान निवासी मोहसिन सेक्टर-75 के एक सोसाइटी में रहते हैं। वह इवेंट मैनेजमेंट कारोबारी हैं। बुधवार देर रात को ग्रेटर नोएडा से सेक्टर-75 स्थित अपने घर के लिए होंडा सिटी कार से निकले थे। सेक्टर-129 स्थित पंचशील अंडरपास के पास कार रोककर मोबाइल पर जूम कॉल पर बात करने लगे। उसी वक्त तीन बदमाश वहां पहुंचे और कार का गेट खोल कर पिस्तौल तान दिया। बदमाशों ने कार में रखा लैपटॉप और मोबाइल वापस कर दिया और कार लेकर फरार हो गए। एडीसीपी ने बताया कि इस मामले में पुलिस की टीम आसपास के इलाकों में दबिश दे रही है। वारदात के बाद जनपद में वाहनों की सघन चेकिंग शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज खंगालकर वारदात में शामिल बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।