नूंह। नूंह सामुदायिक अस्पताल (सीएचसी)में बदहाल सफाई व्यवस्था पर संज्ञान लेते हुए एसएमओ डॉ. संदीप राजपूत ने सफाई कर्मचारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने करीब एक घंटा तक सफाई कर्मचारियों के कामकाज का ब्यौरा लिया। इमरजेंसी, ओपीडी, मुख्य द्वार, कार्यालय के अलावा अस्पताल परिसर में बेहतर सफाई के कड़े निर्देश दिए।
बता दें अमर उजाला के बुधवार अंक में अस्पताल की स्थिति को नूंह की सीएचसी में आने वाले मरीज गंदगी से परेशान शीर्षक से प्रकाशित किया था। इस खबर पर संज्ञान लेते बुधवार को डॉ. संदीप ने कहा कि लापरवाही किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मानसून आगमन से कई तरह के संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है जिसे ध्यान में रखते हुए अस्पताल में समय पर संपूर्ण सफाई पर ध्यान दिया जाए। जिससे लोगों के स्वास्थ्य को मजबूती प्रदान की जा सके।
हर दिन सफाई व्यवस्था का होगा निरीक्षण
इस दौरान उन्होंने सफाई कर्मचारियों के लिए नया ड्यूटी चार्ट भी बनाया। अब हर दिन अस्पताल की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया जाएगा। बता दें कि नूंह सीएचसी में बीते दिनों से ओपीडी में डॉक्टरों के समय से पहले घर चले जाने का मामला भी सामने आया था। इस मौके पर समाजसेवी वहीद चेयरमैन व रशीद सालाहेड़ी, जमील बैंसी, साबिर सलंबा व समीम नंगली ने बताया कि अस्पताल प्रशासन को लोगों को स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए कार्य करने की जरूरत है। तभी जाकर उनको स्वास्थ्य का लाभ मिल सकता है।
फोटो ऱ् बुधवार को अमर उजाला के अंक में प्रकाशित खबर।