तावडू। उपमंडल के गांव किरूरी में घर में घुसकर एक किशोरी के साथ छेड़छाड़ करने व उसके साथ जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करने का मामला सामने आया है। युवती को जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने आरोपी युवक सहित तीन नामजद के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह 12वीं कक्षा की छात्रा है, उसका पिता एक गार्ड की नौकरी करते है। 10 जुलाई सुबह करीब 11 बजे आरोपी सलमान पुत्र फतेह मोहम्मद पीड़ित छात्रा के घर पर आया और छेड़खानी करने लगा। विरोध करने पर आरोपी गाली गलौज करने लगा और उसे लात घूसों से मारने लगा। आवाज सुनकर किशोरी की भाभी मौके पर आई तो उसके साथ भी आरोपी ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। पीड़ित युवती का आरोप है कि शोर सुनने पर आरोपी अख्तर व मजीद उनके पास आए तो उन्होंने भी आरोपी का साथ देते हुए पीड़ित पक्ष के साथ अभद्रता की। पीड़िता ने इस घटना को लेकर पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामले में तावडू सदर थाना प्रभारी चंद्रभान सिंह का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।