हरिद्वार। शिवालिक नगर में सुबह टहलते समय बुजुर्ग महिला के गले से चेन झपटकर फरार हुए आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाया है। पुलिस के हाथ इस मामले में खाली है। अभी तक पुलिस इस प्रकरण में मुकदमा तक दर्ज नहीं कर पाई है, जिसको लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
रविवार की सुबह करीब छह बजे 72 वर्षीय राधा राय निवासी एच क्लस्टर शिवालिक नगर घर से टहलने निकली थीं।कुछ दूरी पर पहुंचते ही पीछे से बाइक पर आए संदिग्ध ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली थी। इसके बाद आरोपी बाइक तेज रफ्तार से दौड़ाते हुए फरार हो गया था। आरोपी पास में ही लगे सीसीटीवी कैमरें में कैद हो गया था। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। अभी तक पुलिस के हाथ इस मामले में कोई सफलता नहीं लग पाई है। मंगलवार की शाम साढ़े छह बजे तक भी इस मामले में मुकदमा दर्ज नहीं हो पाया था। वहीं, एसपी सिटी पंकज गैरोला का कहना है कि टीम जांच में जुटी है।