-कोतवाली में मामला दर्ज न होने पर राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग से की शिकायत, दस दिन पहले हुई थी घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
दनकौर। कस्बे में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में खुले में रखें बिजली के ट्रांसफॉर्मर की चपेट में आकर करीब 10 दिन पहले 9 वर्ष के बच्चे का हाथ बुरी तरह से झुलस गया था। बच्चे का उपचार दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में चल रहा है। जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों को उसका एक हाथ काटना पड़ा। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस द्वारा इस मामले में शिकायत के बाद भी बिजली विभाग के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया है। पीड़ित परिवार ने शिकायत राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग से की है।
कस्बे में बड़ा मोहल्ला निवासी पूजा ने बताया कि 21 जुलाई को उसका बेटा कृष प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में खुले में रखे बिजली के ट्रांसफार्मर की चपेट में आकर बुरी तरह से झुलस गया था। गंभीर अवस्था में उन्होंने दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। बेटे का एक हाथ झुलसने के बाद अधिक संक्रमण (इंफेक्शन) हो जाने की वजह से डॉक्टर को काटना पड़ा है। आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही से ही यह हादसा हुआ है। इस मामले को लेकर पीड़ित परिवार ने राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग, दिल्ली में भी मामले की शिकायत की है।