संतकबीरनगर। जिले के परिषदीय विद्यालयों में कक्षा एक से आठ तक के छात्र-छात्राओं की अर्द्धवार्षिक परीक्षा 28 नवंबर से शुरु होगी। 3 दिसंबर तक चलने वाली इस परीक्षा में करीब एक लाख से अधिक बच्चे शामिल होंगे। प्राथमिक विद्यालयों में पहले दिन मौखिक परीक्षा होगी जबकि 29 से लिखित परीक्षा शुरु होगी। उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 28 नवंबर से लिखित परीक्षा होगी।
जिले में 1247 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं। 28 नवंबर को सुबह साढ़े नौ बजे से पहली पाली में एक से पांच तक सभी विषयों की मौखिक परीक्षा होगी। जबकि छह से आठ तक पहली पाली में कला, कृषि और गृहशिल्प की परीक्षा होगी। परीक्षा 11:30 बजे तक चलेगी। जबकि छह से आठ में दूसरी पाली में दोपहर साढ़े 12:30 बजे से ढाई बजे तक खेल एवं शारीरिक शिक्षा एवं स्काउटिंग की परीक्षा होगी। 29 नवंबर को पहली पाली में कक्षा दो और तीन में गणित, चार से छह तक हिंदी और सात से आठ तक की कक्षाओं में विज्ञान की परीक्षा होगी। दूसरी पाली में संस्कृत एवं उर्दू की परीक्षा होगी। एक दिसंबर को कक्षा तीन में हिंदी और चार से आठ तक सामाजिक विज्ञान की परीक्षा होगी। दूसरी पाली में सभी कक्षाओं में दो से आठ तक अंग्रेजी विषय की परीक्षा होगी। दो दिसंबर को कक्षा दो में हिंदी और तीन में सामाजिक विज्ञान के साथ शेष सभी कक्षाओं में गणित की परीक्षा होगी। दूसरी पाली में कला संगीत की परीक्षा होगी।
इसी तरह तीन दिसंबर को कक्षा तीन से पांच तक कक्षा की कार्यानुभव एवं नैतिक शिक्षा और छह में विज्ञान एवं सात और आठ में हिंदी की परीक्षा होगी। द्वितीय पाली में कक्षा 6, 7, 8 में पर्यावरण अध्ययन की परीक्षा होगी। यह परीक्षा कार्यक्रम सभी कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों के लिए भी लागू होगा। किन्हीं कारणों से परीक्षा में कोई बाधा आती है तो खंड शिक्षाधिकारी की ओर से अपने स्तर से प्रधानाध्यापक प्रभारी प्रधानाध्यापक को दिशा-निर्देश देकर परीक्षा कार्य संपन्न कराएंगे। बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि अर्धवार्षिक परीक्षाफल घोषित करने के दिन छात्र-अभिभावकों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। छात्रों की मूल्यांकित उत्तर पुस्तिकाओं को छात्र-छात्राओं के अभिभावकों को दिखाया जाएगा।