मोदीनगर। नगर से सटे गांव सीकरी खुर्द स्थित प्रसिद्ध व पौराणिक महामाया देवी मेले में बच्चों के बाल काट रहे हेयर ड्रेसर को आरोपियों ने तीन हजार रुपये की रंगदारी नहीं देने पर पीट दिया। आरोपियों ने लोहे का कड़ा मारकर हेयर ड्रेसर का सिर फोड़ दिया। हेयर ड्रेसर को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। आरोप है कि पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
नगर की विश्वकर्मा बस्ती निवासी मनोज कुमार हेयर ड्रेसर है। मनोज कुमार ने बताया कि वह गांव सीकरी खुर्द स्थित महामाया देवी मंदिर के समीप नाले के आसपास मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के बच्चों के बाल काटते हैं। बताया कि नगर पालिका परिषद ने मंदिर से बाहर काम करने का कोई शुल्क नहीं रखा है। आरोप है कि बृहस्पतिवार दोपहर गांव निवासी दो युवकों ने उनसे काम करने के बदले तीन हजार रुपये की रंगदारी मांगी। इसी दौरान पुलिस वहां पहुंच गई तो आरोपी वहां से भाग गए। आरोपी बृहस्पतिवार रात फिर मनोज कुमार से रंगदारी लेने पहुंचे। मनोज ने इन्कार किया तो आरोपी आग बबूला हो गए और मनोज की बेरहमी से पिटाई कर दी। मनोज कुमार लहूलुहान हो गए। आरोपियों ने मनोज कुमार की जेब से 18 सौ रुपये निकाल लिए और घटना की शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। मनोज कुमार का आरोप है कि पुलिस ने उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। मनोज कुमार ने शुक्रवार को एसीपी कार्यालय पहुंचकर घटना की शिकायत की। एसीपी मोदीनगर का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।