-बिहार चुनाव के बीच रोजगार और सुरक्षा सबसे अहम मुद्दा
-वोट डालने के लिए चार नवंबर को बिहार जाएंगे शहरवासी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। नोएडा से भले बिहार की दूरी लगभग 1000 किलोमीटर हो, लेकिन वहां होने वाले विधानसभा चुनावों की हलचल नोएडा में भी महसूस की जा सकती है। जहां एक तरफ बिहार की सियासत गरमाई हुई है। चुनाव प्रचार-प्रसार जोरों पर है, वहीं दूसरी ओर नोएडा में बसे बिहारियों ने भी वोट देने के लिए बिहार जाने की योजना बना ली है। उनके बीच सबसे बड़ा मुद्दा रोजगार बना हुआ है।
सेक्टर 73 में साल 2005 में बिहार के अलीनगर विधानसभा से यहां आकर बसे रंजीत कुमार बताते हैं कि बिहार और अपना घर-बार छोड़ने पर मन में बहुत कष्ट हुआ। तब शादी भी नही हुई थी, लेकिन बारहवीं करने के बाद दूर-दूर तक रोजगार का जरिया नजर नही आया। जहां नजर आया तो वहां वेतन इतना कम था कि घर का लालन-पालन तो दूर खुद के खर्च भी पूरे नही हो सकते थे। लेकिन जब रोजगार के चलते पहले से नोएडा में बस चुके कुछ दोस्तों ने नोएडा में रोजगार के अवसर होने और बेहतर शिक्षा मिलने की बात कही तो एक उम्मीद के साथ एक हजार किलोमीटर दूर नोएडा आना उचित समझा। तब से वह यहीं के होकर रह गए। हालांकि आज भी जब बिहार की बात होती है तो वह अपने घर-परिवार, नाते-रिश्तेदारों, दोस्तों को याद कर भावुक हो जाते हैं। यही नहीं, बिहार की गलियां, मिट्टी की सुगंध अभी भी उन्हें हर साल खींच लाती हैं। लेकिन जब बारी बिहार विधानसभा चुनाव की आयी तो उनका साफ कहना है कि रोजगार के कारण जो मुझे करना पड़ा, बिहार के किसी भी युवक को ऐसा न करना पड़े ऐसी सरकार ही बननी चाहिए।
कोट
-
रोजगार सबसे प्रमुख मुद्दा है। जो भी सरकार बनें, रोजगार पर ज्यादा ध्यान दे।
-श्रवण झा, दरभंगा, बिहार
जो पुराने उद्योग बंद हुए, उन्हें फिर शुरू किया जाए, नये उद्योग स्थापित करने पर आगामी सरकार जोर दे।
-सुबोध कुमार, मधुबनी, बिहार
सरकार कोई भी बनें, बिहार का विकास, स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर होनी चाहिए।
-रितेश झा, दरभंगा, बिहार
आगामी सरकार को शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की जरूरत है। शिक्षा होगी, तभी कुछ संभव है।
-दिलीप कुमार, झांझरपुर, बिहार
सुरक्षा व्यवस्था और व्यापार, कारोबार बढ़े, इस पर आगामी सरकार ध्यान दें।
-रंजीत कुमार झा, फुलपरास विधानसभा, बिहार