पैसे मांगने के लिए इस तरह भेजे गए मैसेज।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष का फेसबुक अकाउंट हैक कर मांगे रुपये
नोएडा। सेक्टर-41 के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष अनिल खन्ना के फेसबुक अकाउंट को हैक कर साइबर ठग लोगों से पैसे मांग रहे हैं। उनके एक मित्र से 25 हजार की ठगी के बाद इस बात का खुलासा हुआ है। शिकायत पर सेक्टर-39 कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
अनिल खन्ना ने बताया कि उनके फेसबुक एकाउंट के माध्यम से शनिवार को उनके एक मित्र के पास मैसेज आया। आरोपियों ने उनके नाम से 25 हजार रुपये की मांग की थी। ऑनलाइन रुपये ट्रांसफर करने के लिए एक नंबर दिया था। असहज हुए मित्र ने उनसे बात करने की बजाय सीधे आरोपियों के बताए नंबर पर रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद मित्र ने अनिल खन्ना को मोबाइल पर 25 हजार रुपये ट्रांसफर करने का मैसेज भेजा। मैसेज पढ़कर अनिल खन्ना हैरान रह गए। उन्होंने तुरंत अपने मित्र से बात की, तब ठगी का पता चला। अनिल खन्ना के अनुसार जांच में पता चला कि आरोपियों ने करीब एक सप्ताह पूर्व उनका फेसबुक एकाउंट हैक कर लिया था। इसके बाद से आरोपी कई लोगों को मैसेज भेजकर पैसे की जरूरत बताकर उधारी मांग रहे हैं। उनकी शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, अनिल खन्ना ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपने सभी परिचितों को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया है। सभी से अपील की है कि उनके नाम पर किसी को पैसे नहीं दें।