फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जीटीबी अस्पताल : पुलिस हिरासत से बदमाश को छुड़ा ले गए साथी

विज्ञापन
विज्ञापन
नई दिल्ली। राजधानी में बदमाशों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं। बृहस्पतिवार को दिनदहाड़े जीटीबी अस्पताल कैंपस में तकरीबन आठ बदमाश पुलिस से भिड़ गए और उनकी आंखों में मिर्च झोंककर फायरिंग करते हुए कुलदीप मान उर्फ फज्जा को भगा ले गए। मुठभेड़ में एक बदमाश रवि ढेर हो गया जबकि दूसरा जख्मी है।
विज्ञापन

हरियाणा की मशहूर सिंगर हर्षिता दहिया हत्याकांड में शामिल जितेंद्र उर्फ गोगी गैंग के बदमाश कुलदीप को पुलिस ने गुरुग्राम से गिरफ्तार किया था। दिल्ली पुलिस की तीसरी बटालियन के पांच जवान बृहस्पतिवार को कुलदीप को मंडोली जेल से इलाज के लिए जीटीबी अस्पताल ले गए थे। अस्पताल परिसर में 12: 30 बजे स्कॉर्पियों सवार बदमाशों ने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च झोंककर कुलदीप को छुड़ाने के लिए फायरिंग की। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इससे रवि की मौत हो गई और अंकेश घायल हो गया। गोलीबारी से मची अफरातफरी के बीच बाकी बदमाश कुलदीप को लेकर पैदल ही अस्पताल परिसर से बाहर चले गए। वहां बदमाशों ने एक युवक से बाइक लूटी और कुलदीप को बैठाकर फरार हो गए। खबर मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने स्कॉपियों कार जब्त कर कर छानबीन शुरू कर दी है। स्पेशल सेल, क्राइम ब्रांच, पूर्वी रेंज की करीब दर्जन भर टीमें कुलदीप मान की तलाश में जुट गई हैं।
संयुक्त आयुक्त आलोक कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह मंडोली जेल में बंद कुलदीप मान उर्फ फज्जा (29) को जीटीबी अस्पताल के सर्जरी विभाग में इलाज के लिए लाया गया था। इलाज के बाद पुलिसकर्मी कुलदीप को लेकर अस्पताल से निकलने लगे। इस बीच गेट नंबर-7 के पास पहले से घात लगाए करीब सात-आठ बदमाशों ने पुलिस की टीम पर धावा बोल दिया। कुलदीप का वीडियो बना रहे एएसआई ब्रह्मपाल की आंखों में मिर्च पाउडर झोंकने के बाद बदमाशों ने सिपाही अरविंद को पीछे से पकड़ लिया। इस बीच बदमाश गोलियां चलाने लगे। किसी तरह पुलिसकर्मियों को खुद को बचाकर जवाबी फायरिंग शुरू की।
विज्ञापन

कुलदीप पर 70 से ज्यादा मामले दर्ज हैं
कुलदीप दिल्ली के नया बांस इलाके का रहने वाला है। उसने डीयू के नामी कॉलेज से बॉटनी ऑनर्स की पढ़ाई की है। उस पर कई राज्यों में मकोका समेत हत्या, हत्या के प्रयास, लूटपाट, जबरन वसूली, अपहरण व अन्य आपराधिक गतिविधियों में 70 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। पिछले साल 3 मार्च को पुलिस ने गुरुग्राम, सेक्टर-82 से जितेंद्र उर्फ गोगी, कुलदीप मान उर्फ फज्जा, रोहित मोई और कपिल उर्फ गौरव को गिरफ्तार किया था। गैंग ने 17 अक्तूबर 2017 को पानीपत में मशहूर हरियाणवी सिंगर हर्षिता दहिया की गोली मारकर हत्या कर दी थी। उस समय जितेंद्र गोगी की गिरफ्तारी पर दिल्ली में चार लाख और हरियाणा से ढाई लाख व कुलदीप की गिरफ्तारी पर दो लाख का इनाम घोषित था। रवि बेगमपुर इलाके का रहने वाला था, जबकि अंकेश मुंडका का रहने वाला है। अंकेश के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास समेत कई मामले दर्ज हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें