मनीष हत्याकांड
-दोनों हत्यारोपी मौसेरे भाई, 11 वर्ष की थी मनीष से दोस्ती, पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कार बरामद की
संवाद न्यूज एजेंसी
दनकौर। अस्तौली गांव निवासी मनीष की हत्या उसके ही दोस्तों ने पार्टी के बाद मामूली कहासुनी होने पर अंजाम दी थी। दनकौर कोतवाली पुलिस ने रविवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों हत्यारोपी आपस में मौसेरे भाई हैं। मनीष से उनकी 11 वर्ष से दोस्ती थी। पुलिस ने उनके कब्जे से कार बरामद कर ली है।
दनकौर कोतवाली पुलिस ने मनीष की हत्या में आरोपी दोस्त भरत निवासी अस्तौली और बॉबी निवासी पतलाखेड़ा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि पार्टी करने के दौरान उनकी मनीष से कहासुनी हो गई थी। दोनों ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी और शव को जमालपुर गांव के नजदीक पुल से नहर में फेंक दिया था। 3 दिन एनडीआरएफ और पुलिस टीम ने चलाए गए सर्च अभियान के बाद घटनास्थल से 5 किलोमीटर दूर बांजरपुर गांव के नजदीक नहर में मनीष का शव बरामद किया था। पोस्टमार्टम के बाद शनिवार देर शाम परिजनों ने गमगीन माहौल में एकलौते बेटे के शव का अंतिम संस्कार किया। इस दौरान पुलिस के आला अधिकारी भी गांव में मौजूद रहे।
पार्टी करने दोस्तो के साथ निकला था :
29 नवंबर को मृतक मनीष दोनों दोस्तों के साथ पार्टी करने कार लेकर घर से निकला था। देर शाम तक घर नही लौटा तो परिजनों ने तलाश शुरू की। इसके बाद परिजनों ने दोस्तों पर अनहोनी करने की आशंका जताते हुए पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने मामला गुमशुदगी में दर्ज कर तलाश शुरू की थी। लापता होने के 4 दिन बाद दोस्तों की तलाश कर घटना का खुलासा किया था। दोस्तों ने कार लेकर जाने के लिए चाबी को लेकर हुई कहासुनी में हत्या कर शव नहर में फेंकने की बात स्वीकार की थी।
पिता नारायण सिंह की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी को हत्या के मामले में तब्दील कर आरोपियों की गिरफ्तारी की है। पिता ने बताया कि एकलौते बेटे की हत्या होने से परिवार में मातम छा गया है। परिवार में उसकी शादी को लेकर खुशी आ रही थी, लेकिन पता नहीं था कि जिन दोस्तों के साथ मनीष दिन रात रहता खाता था, वही उसकी हत्या कर देंगे।
कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह का कहना है कि दोनों हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जल्द आरोपियों को सख्त सजा दिलाने के लिए अंतिम जांच रिपोर्ट पेश कर दी जाएगी।