- महिला अवसाद के कारण अस्पताल में भर्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
दादरी। पांच दिन पहले सरस्वती विहार कॉलोनी में मकान के ताले तोड़कर पांच लाख की नकदी और जेवरात चोरी कर लिए गए थे। चोरी की घटना से आहत पुरुष को हार्ट अटैक आ गया। वहीं महिला डिप्रेशन के कारण अस्पताल में भर्ती है। आरोप है कि पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने को लेकर परिवार सदमे में है।
बता दें कि सरस्वती विहार कॉलोनी में ललित कश्यप परिवार के साथ रहते हैं। उनका परिवार 21 फरवरी को ग्रेटर नोएडा के सुथ्याना गांव में आयोजित शादी समारोह में गया था। मकान में ताले लगे हुए थे। रात्रि में चोरों ने ताले तोड़कर घर में रखी पांच लाख रुपये की नकदी, सोने-चांदी के जेवरात समेत करीब 30 लाख से अधिक का सामान चोरी कर लिया था। घटना को अंजाम देकर जाते हुए चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं । चोरी की घटना से आहत उनके पिता नवाब कश्यप को हार्ट अटैक आ गया। जिसको लेकर उन्हें ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि महिला अंजली डिप्रेशन में आने के चलते दादरी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिवार के सभी सदस्य सदमे में हैं । ललित कश्यप व उनकी बहन मनीषा ने बताया कि दो बहनों की शादी के लिए जेवरात बनवाकर घर में रखे थे। शादी की तैयारी को लेकर विचार विमर्श चल रहा था। शादी के लिए बने जेवरात व नकदी सब चोरी हो गई है। जिसको लेकर परिवार के सभी सदस्य सदमे में आ गए हैं। पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं की जा रही है।