- बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र में पूर्वांचल रॉयल सोसाइटी के पास की घटना, वीडियो वायरल
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। नोएडा के बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र में बुधवार रात फिल्मी अंदाज में हमला देखने को मिला। पूर्वांचल रॉयल सोसाइटी के पास सड़क पर अचानक दो कारें आमने-सामने आकर रुकीं, और देखते ही देखते एक कार से निकले करीब आठ हमलावरों ने दूसरी कार में बैठे युवक पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। चंद मिनटों में सड़क पर अफरातफरी मच गई। हमलावरों ने न सिर्फ युवक को बेरहमी से पीटा, बल्कि उसकी कार में भी तोड़फोड़ कर दी। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि यह हमला दो दिन पहले हुए एक विवाद का बदला था। पीड़ित ने एक कार्यक्रम के दौरान मुख्य आरोपी के पिता को थप्पड़ मार दिया था। उसी की रंजिश में यह हमला किया गया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जबकि पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
बीटा-2 कोतवाली के प्रभारी ने बताया कि दो दिन पहले चूहड़पुर गांव में कुआं पूजन कार्यक्रम था। जिसमें पीड़ित सतीश निवासी अट्टा गांव भी पहुंचा था। वहां शराब पीने के दौरान सतीश ने चूहड़पुर गांव निवासी ओमप्रकाश को थप्पड़ मार दिया। इसकी जानकारी ओमप्रकाश के बेटों को लगी तो वो मौके पर पहुंच गए, लेकिन वहां मौजूद लोगों ने मामला शांत कराया दिया। आरोप है कि ओमप्रकाश का बेटा विनीत तभी से बदला लेने के लिए घूम रहा था। बदला लेने के लिए ही मंगलवार को आरोपी विनीत ने अपने साथियों के साथ मिलकर सतीश पर हमला कर दिया। आरोपी कार में सवार होकर पहुंचा था और पूर्वांचल रॉयल सोसाइटी के पास सतीश को रोक लिया। सतीश कार में सवार होकर ग्रेटर नोएडा की तरफ जा रहे थे। आरोप है कि आरोपियों ने कार से उतारकर सतीश पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। जिसमें उनको चोटें आई है। साथ ही कार में भी तोड़फोड़ की।
इस दाैरान सोसाइटी के किसी निवासी ने फ्लैट की बालकनी से घटना का वीडियो बना लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित का अस्पताल में इलाज कराया। आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी विनीत और उसके एक साथी राजेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश चल रही है।