निवेश पर मुनाफा दिलाने के नाम पर कारोबारी से 36 लाख की ठगी
- मुनाफे के चक्कर में घर बेचा, 16 बार में जालसाजों ने ट्रांसफर कराई रकम
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। साइबर जालसाजों ने निवेश पर मुनाफा दिलाने का झांसा देकर कारोबारी से 36 लाख रुपये की साइबर ठगी कर ली। मुनाफे के चक्कर में कारोबारी ने अपना एक घर भी बेच दिया। मामले में साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कासना निवासी एक शख्स ने पुलिस से शिकायत की है कि उनकी प्लास्टिक के पार्ट बनाने की फैक्टरी है। पिछले साल नवंबर महीने में एक जालसाज ने उनसे संपर्क किया और खुद को शेयर मार्केट एक्सपर्ट बताया। आरोपी ने बताया कि स्टॉक मार्केट और विभिन्न आईपीओ में निवेश कर प्रतिमाह लाखों रुपये मुनाफा घर बैठे कमाया जा सकता है। कुछ दिन बाद आरोपी ने उन्हें एक व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़ लिया। इसमें कई अन्य लोग पहले से ही जुड़े हुए थे। इस ग्रुप में निवेश संबंधी प्रशिक्षण दिया जा रहा था। शुरू में पहली बार कम रकम निवेश की। इस पर उसे मुनाफा हुआ तो भरोसा बढ़ गया। इसके बाद उन्होंने रकम निवेश करना शुरू कर दिया।
नहीं निकालने दिए निवेश किए पैसे :
रकम जब कम पड़ी तो मुनाफे के चक्कर में पीड़ित ने अपना घर भी बेच दिया। नवंबर में पीड़ित ने करीब तीन लाख, दिसंबर में करीब साढ़े आठ लाख और जनवरी 2026 में 25 लाख रुपये निवेश किए। अचानक से पीड़ित को रकम की आवश्यकता पड़ गई। उन्होंने मुनाफे समेत रकम निकालनी चाही तो ठगों ने विभिन्न करों का हवाला देते हुए और रकम ट्रांसफर करने के लिए कहा। पीड़ित के मना करने पर ठगों ने निवेश की हुई रकम वापस करने से मना कर दिया। इस संबंध में पीड़ित साइबर क्राइम थाने में शिकायत दी। एडीसीपी साइबर शैव्या गोयल ने बताया कि इस मामले की जांच की जा रही है। पीडि़त ने पुलिस को जानकारी दी कि ठगी के दौरान उसे एक ऐप भी डाउनलोड कराया गया। इसमें निवेश की हुई रकम बढ़ती हुई दिख रही थी। करीब 36 लाख रुपये निवेश करने के बाद ऐप पर पोर्टफोलियो 75 लाख रुपये के आसपास दिखा रहा था।