स्कूल में छात्रा की संदिग्ध मौत मामला
मां बोलीं: दो महीने बाद भी नहीं पता, स्कूल में बेटी के साथ क्या हुआ
- 4 सितंबर को प्रेसिडियम स्कूल में छठी कक्षा की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी
- बच्ची की मां ने सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर मांगा न्याय, स्कूल से फुटेज हटाने का लगाया आरोप
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-31 स्थित प्रेसिडियम स्कूल में चार सितंबर को शिक्षक दिवस के कार्यक्रम के दौरान छठी क्लास की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में दो महीने के बाद भी बच्ची की मां को इंसाफ मिलने का इंतजार है। छात्रा की मां का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें वह स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही और सीसीटीवी फुटेज हटाने का आरोप लगा रही हैं।
छठी क्लास की छात्रा तनिष्का की मां तृप्ता शर्मा का कहना है कि दो महीने से अधिक हो गया है। दस साल की बेटी तनिष्का रोज की तरह चार सितंबर को स्कूल गई थी लेकिन वह वापस लौट कर नहीं आई। अब तक सीसीटीवी फुटेज का इंतजार कर रही हूं। कुछ दिन पहले पता चला कि स्कूल की तरफ से डीवीआर पुलिस को दी गई लेकिन उसमें फुटेज ही नहीं है। स्कूल में लगे 16 सीसीटीवी कैमरे में कोई रिकॉर्डिंग नहीं है। तृप्ता का कहना है कि स्कूल प्रिंसिपल ने कोर्ट में अग्रिम जामनत याचिका भी डाली है। उनकी बेटी का 21 अक्टूबर को जन्म दिन था। महीनों से इसका प्लान कर रही थी। मेरी बेटी की मौत स्कूल में हुई और आज दो महीने बाद भी पता नहीं चला कि उसके साथ क्या हुआ।
यह थी घटना : सेक्टर-31 स्थित प्रेसिडियम स्कूल में चार सितंबर को शिक्षक दिवस का कार्यक्रम था। इस कार्यक्रम में छठी क्लास की दस वर्षीय छात्रा तनिष्का शर्मा शामिल होने स्कूल आई थी। तनिष्का ने स्कूल में लंच किया और इसके बाद वहां से निकलकर नीचे आ रही थी। तभी उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और बेहोश हो गई थी। इसके बाद स्कूल प्रबंधन ने बच्ची को कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया था। इस मामले में बच्ची की मां तृप्ता शर्मा का कहना है कि उन्होंने 4 सितंबर को खुद ही बेटी को स्कूल छोड़ा था। करीब 11:30 बजे स्कूल से फोन आया कि तनिष्का बेहोश हो गई है। आप कैलाश अस्पताल पहुंचिए, वहीं हम लोग तनिष्का को ले जा रहे हैं। जब तृप्ता शर्मा अस्पताल पहुंची तब चिकित्सकों ने बताया कि वह मृत अवस्था में ही अस्पताल लाई गई थी। इस मामले में बच्ची की मां की शिकायत पर स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कोतवाली सेक्टर-20 में मुकदमा दर्ज किया गया है।
मुझे आखिरी मिनट का सच जानना है : चार सितंबर की घटना के बाद बच्ची की मां तृप्ता शर्मा ने सोशल मीडिया के माध्यम से व्यवस्था पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि फूल जैसी बेटी को परियों की तरह पाला था। इन्हीं हाथों से उसका अंतिम संस्कार किया। अब भी उसकी मौत की सच्चाई का पता नहीं चला। मुझे आखिरी मिनट का सच जानना है।
इस मामले में स्कूल प्रबंधन की तरफ से सभी जानकारी पुलिस को दी गई हैं। स्कूल प्रबंधन जांच में सहयोग कर रहा है।
-मानवता शारदा, प्रिंसिपल, प्रेसिडियम स्कूल