निवेश पर मुनाफे का लालच देकर महिला से ठगी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। साइबर ठगों ने टेलीग्राम पर संपर्क कर निवेश के नाम पर एक महिला से 5.87 लाख रुपये ठग लिए हैं। आरोपियों ने निवेश की गई रकम पर अच्छा प्रतिफल देने का झांसा दिया था। पीड़िता के पति ने साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है और कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट निवासी रवनीत सिंह साहनी ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी को 25 मई 2026 को टेलीग्राम के माध्यम से निवेश से संबंधित एक संदेश मिला था। इस संदेश में निवेश की गई रकम पर अच्छा मुनाफा देने का दावा किया गया था। इसके बाद रवनीत की पत्नी ने आरोपियों के बताए तरीके से निवेश करना शुरू कर दिया। उन्होंने क्रेडिट कार्ड के माध्यम से अलग-अलग लेनदेन किए।
जब महिला ने निवेश की रकम और मुनाफे के बारे में पूछा, तो आरोपियों ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। इसके बाद पीड़िता को ठगी का शक हुआ। आरोपियों ने बाद में दोबारा टेलीग्राम पर संपर्क किया। उन्होंने महिला को और रकम निवेश करने पर अधिक मुनाफा मिलने का लालच दिया। इस तरह महिला से कुल 5 लाख 87 हजार 895 रुपये की धोखाधड़ी हुई। पीड़िता के पति ने बताया कि इस मामले में राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर पहले ही तीन शिकायतें दर्ज कराई जा चुकी हैं। एसीपी साइबर क्राइम विवेक रंजन राय ने बताया कि थाना पुलिस सभी तथ्यों पर जांच कर रही है।