– एक वर्ष से गली में रहने को मजबूर, तीन बेटों में दो का हो चुका देहांत
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुना सिटी। जेवर में 80 वर्षीय वृद्ध महिला पिछले लगभग एक वर्ष से अपने ही घर के बाहर गली में जीवन बिता रही है। आरोप है कि बेटे व बहू ने उन्हें घर से बाहर कर दिया है। ठंड के मौसम में ओमवती गोयल कंबल और पुराने कपड़ों के सहारे खुले में रहने को मजबूर है। मोहल्ला वैश्य खटीक (राशन डीलर वाली गली) निवासी ओमवती गोयल के तीन बेटों में से दो का निधन हो चुका है। बड़े बेटे दीनदयाल गोयल की मौत के बाद घर में उनकी बहू और पोता ही रहते हैं। दूसरे बेटे का भी देहांत हो चुका है। एक अन्य पुत्र अपनी पत्नी के साथ गाजियाबाद में रहकर सर्राफा कारोबार करते हैं। ओमवती गोयल का कहना है कि उन्हें घर से बाहर निकाल दिया गया है। उनका कहना है कि पोता उन्हें घर में घुसने नहीं देता, और बेटा भी उनकी मदद के लिए आगे नहीं आया।
मकान और तीन दुकानें होने के बावजूद बेघर : वृद्ध ओमवती गोयल के नाम पर एक मकान और तीन दुकानें थीं, इसके बावजूद वह बेघर वाला जीवन जी रही हैं। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि वह कई माह से इसी स्थान पर पड़ी रहती हैं। हालांकि बेटे ने खाने-पीने के लिए टिफिन की व्यवस्था की है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि ओमवती गोयल को सुरक्षित आश्रय व देखभाल का प्रबंध किया जाए।