-फेडरेशन ऑफ नोएडा एंड ग्रेटर नोएडा अपार्टमेंट ऑनर्स एसोसिएशन (फोना) की बैठक हुई
-बैठक में नोएडा और ग्रेटर नोएडा की 67 हाईराइज सोसाइटी निवासियों ने भाग लिया
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। फेडरेशन ऑफ नोएडा एंड ग्रेटर नोएडा अपार्टमेंट ऑनर्स एसोसिएशन (फोना) की बैठक सेक्टर 78 स्थित महागुण मॉडर्न सोसाइटी में आयोजित हुई। बैठक में 67 हाईराइज सोसाइटी के एओए पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान एसीपी राकेश प्रताप सिंह, एसएचओ प्रमोद कुमार सिंह, चौकी प्रभारी संजय पाल, फोना अध्यक्ष एडवोकेट संदीप चौहान, फोना उपाध्यक्ष व महागुण मॉर्डन एओए अध्यक्ष वाईपी गुप्ता, संयुक्त सचिव जितेंद्र शर्मा, पंकज झा और रोहित त्यागी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में पुलिस और एओए के बीच समन्वय बढ़ाने, घरेलू सहायकों व ड्राइवरों के सत्यापन, एओए चुनाव में पुलिस की निष्पक्ष भूमिका, डिप्टी रजिस्ट्रार के साथ चुनाव प्रक्रिया व दस्तावेज अनुपालन, जिला प्रशासन से नागरिक समस्याओं के समाधान, नोएडा प्राधिकरण से रजिस्ट्री, जल कनेक्शन, एसटीपी, बिल्डर हैंडओवर और बिजली संबंधी मुद्दों पर चर्चा हुई। इसके साथ ही बिल्डर से एओए को हैंडओवर की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने पर भी जोर दिया गया। बैठक में सभी सदस्यों ने ऐसे संवाद हर माह आयोजित करने और फोना को और मजबूत बनाने का सुझाव दिया।
67 सोसाइटी के एओए पदाधिकारी रहे मौजूद : वाईपी गुप्ता ने बताया कि बैठक नोएडा और ग्रेटर नोएडा की 67 हाईराइज सोसाइटियों के एओए पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं पर चर्चा हुई। अलग-अलग सोसाइटी के पदाधिकारियों ने अपने यहां की समस्याओं को प्रमुखता से रखा। इस मौके पर मौजूद एसीपी राकेश प्रताप सिंह व फोना के अध्यक्ष संदीप चौहान ने समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया है।