जयपुरिया प्लाजा के पास रविवार सुबह हुआ हादसा
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-20 थाना क्षेत्र में जयपुरिया प्लाजा के निकट एलिवेटेड रोड से गिरने के बाद युवक की मौत हो गई। हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया आपराधिक घटना के संकेत नहीं मिले हैं, लेकिन मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह सात बजे कंट्रोल रूम को युवक के गिरने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पीसीआर ने उसे अस्पताल पहुंचाया। घायल युवक ने अपनी पहचान सेक्टर-76 स्थित आम्रपाली क्रिस्टल होम्स निवासी समर कुमार(27) के रूप में दी थी। उसने बताया था कि वह मूल रूप से झारखंड के धनबाद जिले का है।
सूचना मिलने पर उसकी पत्नी और अन्य परिचित अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। युवक रोजगार की तलाश कर रहा था। पुलिस ने युवक के शराब पीने की पुष्टि नहीं की है। कोतवाली प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि साक्ष्यों की जांच की जा रही है। यदि जांच में कोई नया तथ्य सामने आता है या परिजन शिकायत देते हैं तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।