रिटायर्ड फौजी ने खरीदा था विला, एक साल बाद ही चूने लगी छत, पूरे घर में है सीलन
संवाद न्यूज एजेंसी
यमुना सिटी। शुक्रवार को बारिश के दौरान गौड़ यमुना सिटी सोसाइटी के एक विला के बाथरूम में लगी ग्रिड सीलिंग अचानक गिर गई। छत से पानी टपकने के कारण सीलिंग पर पानी जमा हो गया था, जिससे उसका भार बढ़ गया और वह नीचे आ गिरी। राहत यह रही कि हादसे में किसी को चोट नहीं लगी।
सोसाइटी निवासी राजेंद्र सोलंकी ने बताया कि शुक्रवार को बारिश के दौरान अचानक उनके विला के बाथरूम की ग्रिड सीलिंग जमीन पर गिर गई। आवाज सुनने के बाद जब उन्होंने बाथरूम में जाकर देखा तो सीलिंग का बड़ा हिस्सा नीचे गिरा हुआ था। राजेंद्र सोलंकी ने बताया कि छत के प्लास्टर के हिस्से से पानी रिसकर नीचे आ रहा था। पानी लगातार टपकने के कारण ग्रिड सीलिंग पर जमा होता रहा और उसका भार बढ़ने से सीलिंग अचानक नीचे गिर गई। घटना के बाद उन्होंने पूरे मामले की जानकारी सोसाइटी के अधिकारियों को ई-मेल के माध्यम से देकर समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है। उन्होंने बताया कि गुणवत्ता संबंधित समस्या को लेकर पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी है लेकिन इसका समाधान नहीं हुआ।
एक करोड़ रुपये में लिया विला, अब है पछतावा
रिटायर्ड लेफ्टिनेंट राजेंद्र सोलंकी ने बताया कि उन्होंने करीब एक करोड़ रुपये में विला खरीदा था। जिसकी आधे से अधिक रकम उन्होंने लोन लेकर चुकाई है। अब विला की निर्माण गुणवत्ता और लगातार सामने आ रही समस्याओं को देखकर उन्हें अपने फैसले पर पछतावा हो रहा है। उन्होंने बताया कि विला का पजेशन वर्ष 2019 में मिलना था, लेकिन कई बार शिकायत और आग्रह करने के बाद उन्हें वर्ष 2024 में पजेशन दिया गया। इसके बावजूद विला में सीलन, निर्माण गुणवत्ता और अन्य समस्याएं सामने आ रही है।
जगह-जगह सीलन से परेशान निवासी
विला के निर्माण में इस्तेमाल की गई सामग्री की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। बाथरूम की सीलिंग गिरने के बाद पता चला कि ऊपर की सतह पर केवल प्लास्टर किया गया है, जबकि न तो उस पर पुट्टी की गई है और न ही पेंट कराया गया है।