एक्वा लाइन विस्तार के तहत सेक्टर-51 से ग्रेनो सेक्टर-2 तक ग्रेनो वेस्ट मेट्रो को अगले माह तक हरी झंडी मिलेगी। इसके बाद ही निर्माण कार्य शुरू होगा। काम शुरू होने से पहले कॉरिडोर की डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) मंजूर की जाएगी। जिसके बाद निर्माण का रास्ता साफ हो जाएगा।
नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (एनएमआरसी) की ओर से ग्रेनो वेस्ट मेट्रो कॉरिडोर के निर्माण के लिए चौथी बार के टेंडर में तीन एजेंसियों के आने से एजेंसी चयन की उम्मीद बंधी थी। लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। डीपीआर अप्रूवल में देरी की वजह से टेंडर निरस्त कर दिया गया। अब केंद्र सरकार के पास इसकी फाइल है।
फिलहाल प्रोजेक्ट की डीपीआर मंजूरी के लिए बैठकों का दौर जारी है। बताया जा रहा है कि अगले माह तक डीपीआर को मंजूरी मिल जाएगी। इसके बाद टेंडर निकला जाएगा और काम शुरू हो पाएगा। ग्रेनो वेस्ट मेट्रो की डीपीआर का प्रजेंटेशन पब्लिक इंवेस्टमेंट बोर्ड (पीआईबी) के सामने मंगलवार को हुआ।
इसमें कैबिनेट के सभी सदस्य शामिल रहे। पीआईबी की एक और बैठक होगी। इसके बाद भारत सरकार के साथ बैठक होगी। फिर कैबिनेट नोट बनेगा जिसके बाद वित्त मंत्रालय से अप्रूवल होगा। आखिर में पीएमओ से मंजूरी के बाद हरी झंडी मिलेगी।