ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो प्राधिकरण 6 करोड़ रुपये खर्च कर तीन गांवों को स्मार्ट विलेज के तौर पर विकसित करेगा। इसके लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। पहले चरण में 14 गांवों को स्मार्ट विलेज की तरह विकसित किया जाएगा। इसके लिए कुछ गांवों के टेंडर पहले ही जारी हो चुके हैं। वहीं तीन और गांवों के टेंडर अब जारी किए गए हैं। इनमें छपरौला, चिपियाना खुर्द ौर युसुफपुर चकशाहबेरी गांव शामिल हैं।
युसुफपुर चक शाहबेरी के टेंडर के लिए 2 दिसंबर तक आवेदन किए जा सकते हैं। जबकि 6 दिसंबर को प्री-क्वालीफिकेशन बिड खुलेगी। वहीं चिपियाना खुर्द गांव के टेंडर के लिए शुक्रवार से आवेदन शुरू हो गए। आवेदन की अंतिम तिथि 6 दिसंबर है। दो दिन बाद प्री-क्वालीफिकेशन बिड खुलेगी। वहीं छपरौला के टेंडर के लिए 9 दिसंबर तक आवेदन किए जा सकेंगे। इसकी प्री-क्वालीफिकेशन बिड 13 दिसंबर को खुलेगी। प्री-क्वालीफिकेशन के बाद फाइनेंशियल बिड के जरिये स्मार्ट विलेज के कार्यों को करने वाली कंपनी का चयन होगा। प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके अरोड़ा ने बताया कि कंपनियों का चयन होते ही जल्द काम शुरू हो जाएगा। ए
25 अन्य कार्यों के लिए 42 करोड़ के टेंडर जारी
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टरों व गांवों से जुड़े 25 अन्य कार्यों के लिए भी करीब 42 करोड़ रुपये के टेंडर जारी किए हैं। इनमें बोड़ाकी में श्मशान घाट, धूम मानिकपुर में सीसी रोड की मरम्मत, सेक्टर अल्फा वन में स्टाफ क्वार्टर की मरम्मत, आईटी सिटी व ग्राम मुर्शिदपुर में सीवर लाइन की मरम्मत, सेक्टर अल्फा वन की सर्विस रोड पर इंटरलॉकिंग टाइल्स, ग्रेटर नोएडा के जोन टू व थ्री में वाटर सप्लाई के लिए पंप हाउस का मरम्मत, दाउदपुर, हतेवा, खानपुर, सलेमपुर गुर्जर, रोशनपुर, लड़पुरा व कासना में तीन साल के पानी की लाइनों का रखरखाव, कनेक्शन व ट्यूबवेल से पानी की लाइनों को जोड़ना आदि कार्य शामिल हैं। प्राधिकरण के सीईओ नरेंद्र भूषण ने इन कार्यों को तय समय से शुरू कराकर जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए हैं।