दो घाटों पर गूंजेंगे छठ गीत, स्वाति मिश्रा, पूनम पांडेय और धीरज कांत करेंगे प्रस्तुति
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट इस बार छठ के भक्ति गीतों से गूंज उठेगा। तीन दिन तक चलने वाले छठ पर्व के दौरान “करब हम जरूर” जैसे लोकप्रिय गीतों पर व्रती और भक्त झूमते नजर आएंगे।
नेफोवा घाट पर स्वाति मिश्रा अपने भक्ति गीतों से छठी मईया को नमन करेंगी। यह आयोजन नेफोवा फाउंडेशन और पूर्वांचल एकता मंच द्वारा किया जा रहा है। वहीं गौड़ सिटी एक के लेक व्यू पार्क में गौड़ सिटी छठ पूजा समिति की ओर से पूनम पांडेय प्रस्तुति देंगी। पर्व 25 अक्तूबर से शुरू होगा, जिसमें आस्था और उत्साह का सैलाब उमड़ने की उम्मीद है।
नेफोवा फाउंडेशन व पूर्वांचल एकता मंच के उपाध्यक्ष दीपांकर कुमार ने बताया कि तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। पहली बार स्वाति मिश्रा जनपद में गा रही हैं, उनके गीत राम आएंगे की सराहना खुद प्रधानमंत्री मोदी कर चुके हैं।
26 अक्तूबर को धीरज कांत भी अपने भक्ति गीतों से माहौल को भावपूर्ण बनाएंगे। घाट पर करीब पांच हजार श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। आयोजन स्थल पर 25 हजार लीटर गंगाजल डाला जाएगा, कन्नौज के इत्र से घाटों को महकाया जाएगा और ड्रोन से पुष्पवर्षा की जाएगी।
गौड़ सिटी छठ पूजा समिति के उपाध्यक्ष अमरजीत ने बताया कि पूनम पांडेय के साथ कई अन्य कलाकार भी प्रस्तुति देंगे। बच्चों के लिए मेले का विशेष इंतजाम किया गया है।
10वें वर्ष में पूर्वांचल छठ पूजा समिति का आयोजन
पूर्वांचल छठ पूजा समिति के अध्यक्ष रोहन ठाकुर ने बताया कि एमयू-2 सेक्टर में होने वाला यह आयोजन इस वर्ष अपने 10वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। 25 से 27 अक्तूबर तक यहां विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। उन्होंने बताया कि इस बार 300 से अधिक व्रती सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित करेंगी और हर साल की तरह इस बार भी कुछ नया देखने को मिलेगा।