अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान के नौवें स्थापना दिवस पर बोले सांसद
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली से भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने शुक्रवार को कहा कि भारत की प्राचीन चिकित्सा पद्धति आयुर्वेद को वैज्ञानिक रूप से और सशक्त बनाने के लिए रिसर्च व जन-जागरूकता पर सबसे अधिक जोर दिया जाना चाहिए। आयुर्वेद किसी भी बीमारी को जड़ से खत्म करने वाली चिकित्सा पद्धति है और इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसका कोई दुष्प्रभाव नहीं है।
अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान के नौवें स्थापना दिवस पर मुख्य अतिथि के रूप में बिधूड़ी ने कहा कि आयुर्वेद केवल इलाज का माध्यम नहीं बल्कि यह स्वस्थ जीवनशैली और मानसिक-शारीरिक संतुलन का भी संदेश देता है। यह पद्धति मधुमेह, गठिया और अस्थमा जैसी बीमारियों के स्थायी इलाज में भी कारगर है जिन्हें अन्य चिकित्सा प्रणालियां लाइलाज बताती हैं। वहीं, इस अवसर पर संस्थान के निदेशक प्रो. वैद्य प्रदीप कुमार प्रजापति ने बताया कि प्रधानमंत्री ने अक्तूबर 2017 में इस संस्थान को राष्ट्र को समर्पित किया था। तब से अब तक संस्थान ने कई मील के पत्थर स्थापित किए हैं और आयुष मंत्रालय के अंतर्गत इसका निरंतर विस्तार किया जा रहा है।