- तीन साल तक गांव के रखरखाव की जिम्मेदारी एक ही एजेंसी के पास रहेगी, तीन गांव से हुई शुरुआत
78 लाख रुपये खर्च होंगे तीन साल में
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। प्राधिकरण ग्रेटर नोएडा के गांवों को स्मार्ट विलेज के रूप में विकसित करेगा। यहां मूलभूत सुविधाओं को विकसित करने के अलावा रखरखाव के लिए भी नए तौर-तरीके अपनाए जाएंगे। गांवों के विकास के बाद वन विलेज-वन एजेंसी के आधार पर तीन साल तक रखरखाव की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक सीईओ ने इस बाबत निर्देश दिए हैं।
इसकी शुरुआत ग्रेटर नोएडा के मिलक लच्छी, अच्छेजा और रोजा याकूबपुर गांव से की जा रही है। तीनों गांव के लिए एक एजेंसी का चयन प्राधिकरण कर रहा है। इसकी टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। शर्त यही है कि अगले तीन साल तक इन गांवों का रखरखाव इस एजेंसी को देखना होगा। करीब 78 लाख रुपये का बजट इस काम पर प्राधिकरण खर्च करेगा।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने इन गांवों में स्ट्रीटलाइट लगाने का काम शुरू करा दिया है। वहीं, सड़कों के सुधारने का काम भी जल्दी यहां शुरू हो जाएगा। ग्रेटर नोएडा और ग्रेनो वेस्ट दोनों ही जगह के गांवों को इसमें शामिल किया गया है।
बंद पंचायत घरों में खुल रहीं ई-लाइब्रेरी
ग्रेनो प्राधिकरण ने इसके अलावा बंद हुए पंचायतों घरों के उपयोग को भी सुनिश्चित कराने का फैसला लिया है। इन पंचायत घरों में ई-लाइब्रेरी खुलवाई जा रही हैं। इसके लिए जरूरी रिनोवेशन का काम भी प्राधिकरण कराएगा। इसका उद्देश्य यह है कि गांव के बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने के लिए जगह मिल सके। यहां बैठकर पढ़ाई भी कर सकेंगे।