फरीदाबाद के रहने वाले थे दोनों दोस्त
पुलिस के मुताबिक मृतक तुषार ठाकुर और आरोपी सौरभ शर्मा मूलरूप से फरीदाबाद के रहने वाले हैं। दोनों के घर आसपास हैं और एक-दूसरे को पहले से जानते थे। दोनों निजी कंपनियों में नौकरी करते थे। अगस्त 2026 से दोनों सेक्टर-143बी स्थित एसकेए ओरियन सोसाइटी के फ्लैट किराये पर लेकर साथ रह रहे थे। हाल में दोनों की नौकरी छूट गई थी। इसके बाद से वह नई नौकरी की तलाश में थे और विभिन्न कंपनियों में इंटरव्यू दे रहे थे।
बीयर की आखिरी केन को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे दोनों फ्लैट में मौजूद थे। इस दौरान दोनों बीयर पी रहे थे। बीयर की एक केन बची हुई थी। उसे कौन पिएगा, इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर सौरभ ने पिस्टल निकालकर तुषार को गोली मार दी। गोली लगने से तुषार गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। घटना के समय फ्लैट में दोनों युवक ही मौजूद थे।
पिता की लाइसेंसी पिस्टल से मारी गोली
गोली चलने की सूचना से सोसाइटी में भी अफरातफरी मच गई। मामले में एक अहम बात सामने आई है कि वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल आरोपी सौरभ के नाम पर नहीं, बल्कि उसके पिता के नाम पर लाइसेंसी है। आरोपी के पिता एक फैक्टरी में नौकरी करते हैं। उन्होंने अपने नाम पर पिस्टल का लाइसेंस लिया था। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल पिस्टल बरामद कर ली है। अब इस बात की भी जांच की जा रही है कि लाइसेंसी हथियार आरोपी के पास कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में उसने इसका इस्तेमाल किया। पुलिस की ओर से पिस्टल के लाइसेंस को निलंबित करने के लिए आगे की कार्रवाई की जाएगी।
परिजन की शिकायत पर दर्ज हुआ मुकदमा
सोसाइटी में गोली चलने की सूचना और आवाज के बाद अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर सेक्टर-142 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया। मृतक के पिता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या का प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं तुषार की मौत की खबर मिलने के बाद फरीदाबाद स्थित उसके परिवार में मातम पसरा है। जिस युवक के साथ वह पिछले कई महीनों से रह रहा था। उसी पर उसकी हत्या का आरोप है। वहीं एसीपी सेंट्रल नोएडा कमलेश कांत ने बताया कि आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी पिस्टल बरामद की गई है। पिस्टल आरोपी के पिता के नाम पर है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
बचपन के दोस्त की हत्या से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
जिस बेटे को बचपन से आंखों के सामने बड़ा होते देखा, जिसके साथ परिवार ने न जाने कितने सपने संजोए थे, उसकी मौत की खबर ने परिजनों को भीतर तक तोड़ दिया। परिवार के लोगों को अब भी यकीन नहीं हो रहा कि जिस युवक के साथ बचपन बीता, वही अब इस दुनिया में नहीं रहा। घर में हर तरफ मातम पसरा है। परिजनों की आंखें बार-बार दरवाजे की तरफ उठ जाती हैं, मानो वह अभी लौटकर आएगा और सब कुछ पहले जैसा हो जाएगा।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
परिवार के लिए यह सिर्फ एक मौत नहीं, बल्कि उन तमाम यादों का अचानक खत्म हो जाना है, जिन्हें उन्होंने उसके साथ जिया था। बचपन की शरारतें, दोस्तों के साथ बिताए पल और परिवार के बीच उसकी मौजूदगी अब सिर्फ यादों में रह गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्हें समझ नहीं आ रहा कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि हंसते-खेलते युवक की जिंदगी इस तरह खत्म हो गई। जिस घर में कुछ समय पहले तक खुशियां थीं, वहां अब चीख-पुकार और सन्नाटा है। रिश्तेदार और परिचित परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं, लेकिन अपनों को खोने का यह दर्द किसी के समझाने से कम नहीं हो रहा।