ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर दुर्घटना में दो की मौत
- फोटो : अमर उजाला
ग्रेटर नोएडा में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह खड़े ट्रक में पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और छह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए टक्कर मारने वाले ट्रक से कड़ी मशक्कत के बाद घायलों व दोनों मृतकों के शवों को बाहर निकाला गया।
घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें तीन की हालत चिंताजनक बनी हुई है। हादसे के बाद ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर यातायात बाधित हुआ। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू कराया।
कासना थाना पुलिस के मुताबिक, ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक ट्रक तकनीकि खामी आने के कारण खड़ा हो गया था। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने खड़े ट्रक में टक्कर मार दी। टक्कर मारने वाले ट्रक में चालक समेत छह लोग सवार थे।
टक्कर इतनी तेज थी कि तेज रफ्तार ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार घायल होकर फंस गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। जेसीबी और कटर की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल में पहुंचाया गया।
हादसे में दम तोड़ने वाले एक व्यक्ति की पहचान अमेठी के गुलाम हैदर जाखा शिवपुर निवासी अमीरूल्ला के रूप में हुई। जबकि दूसरे की पहचान नहीं हो पाई। वहीं, घायलों की पहचान सूर्यभान सिंह, सुल्तानपुर के राम, असीर अहमद, सुरभान, मोहित व एक अज्ञात के रूप में हुई। पुलिस ने मृतक व घायलों के परिजन को हादसे की सूचना दे दी।