- आज शाम तक लोड टेस्टिंग पूरी होने की उम्मीद
- जांच रिपोर्ट के बाद ही अंडरपास से बहाल होगा आवागमन
जंगल कौड़िया (गोरखपुर)। गोरखपुर-सोनौली मार्ग स्थित जंगल कौड़िया के पास बने लगभग 800 मीटर लंबे सिक्स लेन फ्लाईओवर के अंडरपास में दरार आने के बाद दिल्ली से आई विशेषज्ञ टीम ने बुधवार को लोड टेस्टिंग की। टीम ने पुलिस चौकी की तरफ वाले तीन लेन पर चार भारी डंपरों को खड़ा कर अंडरपास की भार-वहन क्षमता का परीक्षण किया। इस दौरान अंडरपास के नीचे लगाए गए विभिन्न सेंसर युक्त उपकरणों से लगातार डेटा इकट्ठा किया गया।
विशेषज्ञों की टीम पिछले तीन दिनों से अंडरपास की संरचनात्मक मजबूती और अन्य तकनीकी मानकों की विस्तृत जांच कर रही है। बुधवार को किए गए लोड टेस्ट के दौरान थर्मामीटर से तापमान भी मापा गया। सभी तकनीकी पैरामीटर की जांच प्रति घंटे के अंतराल पर की जा रही है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस चौकी की ओर जाने वाले तीनों लेन पूरी तरह बंद कर दिए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, बृहस्पतिवार शाम तक सभी परीक्षण पूरे होने की संभावना है। रिपोर्ट अनुकूल होने पर लेन से आवागमन दोबारा शुरू कर दिया जाएगा। इधर, इंटर कॉलेज की तरफ वाले तीन लेन पर दो दरारें मिलने के बाद बुधवार को कारीगरों ने मरम्मत कार्य प्रारंभ किया। सतह सुधार और हल्की दरारों को भरने का कार्य तेज गति से चल रहा है। एनएचएआई के परियोजना निदेशक ललित पाल ने कहा कि दोनों ओर के अंडरपास की सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही यातायात पूरी तरह बहाल किया जाएगा।