शहर के नंदानगर समेत कई ग्रामीण इलाकों में पशु तस्करों के सक्रिय होने की सूचना
एसएसपी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को रात गश्त और चेकिंग तेज करने के दिए निदेश
ग्रामीण इलाकों में बढ़ी पशु तस्करी की घटनाओं की संभावना, पुलिस सतर्क
गोरखपुर। पिपराइच थाना क्षेत्र के जंगल धूषड़ में नीट की तैयारी कर रहे छात्र दीपक गुप्ता हत्या के बाद पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई से शांत बैठे पशु तस्करों ने अब शहर में फिर से मंडराने लगे हैं। एम्स थाना क्षेत्र के पवन विहार कॉलोनी समेत शहर के ग्रामीण इलाकों में पशु तस्कर सक्रिय हो गए हैं और बाजार में अवैध तौर पर मवेशी व अन्य जानवरों की तस्करी की खबरें सामने आ रही हैं।
मामला संज्ञान में आने के बाद एसएसपी राज करन नय्यर ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि रात में गश्त और इलाके में नियमित चेकिंग बढ़ाई जाए। अधिकारियों ने बताया कि विशेष तौर पर उन इलाकों में गश्त तेज की जा रही है, जहां पहले पशु तस्करी की गतिविधियां अधिक पाई गई थीं।
पिछले माह 15 सितंबर को पशु तस्करों ने जंगल धूषड़ के महुआचाफी गांव निवासी नीट की तैयारी कर रहे छात्र दीपक गुप्ता की पशु तस्करों ने हत्या कर दी थी। गुस्साए ग्रामीणों ने तस्करों की एक गाड़ी फूंकते हुए बिहार निवासी एक तस्कर को दबोच लिया था। पुलिस टीम जब तस्कर को अपने गिरफ्त में लेने गई तो ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया था। जिसमें एसपी नार्थ समेत सात पुलिस कर्मी घायल हुए थे। 19 सितंबर को शासन ने यह मामला एसटीएफ को जांच के लिए सौंपा दिया था। मामले में पुलिस और एसटीएफ ने अब तक आठ पशु तस्करों के खिलाफ कार्रवाई है। जिसमें कुशीनगर निवासी अब्दुल रहीम, गीडा के नौसड़ निवासी छोटू, राजू, रामलाल और बिहार के अजहर हुसैन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। घटना की रात ग्रामीणों की पिटाई में घायल अजब हुसैन की बाद में मौत हो गई थी। वहीं बिहार के गोपालगंज निवासी मन्नू सेठ ने बाद में बिहार की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। मुख्य आरोपी जुबैर, जो रामपुर के शहर कोतवाली के घेर मर्दान खां मोहल्ले का रहने वाला था, को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया था।
सूत्रों के अनुसार, जंगल धूषड़ के बवाल के बाद पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद तस्करों ने कुछ समय के लिए शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में छुपकर अपनी गतिविधियां कम कर दी थीं। लेकिन रविवार तड़के एम्स थाना क्षेत्र के पवन विहार कॉलोनी ने तस्करों ने खाली प्लाट में बांधकर रखे गए पशुओं को पिकअप में लादते समय मोहल्ले के अधिवक्ता सोनू ने विरोध किया, तो तस्करों ने असलहा निकालने की धमकी दी। डर के कारण वह छत पर चढ़कर शोर मचाने लगा, जिससे मोहल्ले की भीड़ इकट्ठा हो गई। भीड़ देखकर तस्कर तीसरे पशु को उठाए बिना फरार हो गए। इस घटना ने पशु तस्करों की सक्रियता एक बार फिर सामने ला दी है।
कोट
कोई भी थाने का प्रभारी इलाके में शिथिलता नहीं बरत सकता। हर थाने में रात्रि गश्त के दौरान चेकिंग के लिए विशेष टीमें बनाई गई हैं। इसके अलावा, तस्करी रोकने के लिए स्थानीय लोगों को भी पुलिस सहयोग के लिए जोड़ा जा रहा है। तस्करों की हरकतों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी फीड और पुख्ता खुफिया जानकारी का इस्तेमाल किया जा रहा है।
अभिनव त्यागी, एसपी सिटी
-
ग्रामीण इलाकों में बढ़ी चिंता
तस्करों की फिर से सक्रियता से शहर के ग्रामीण इलाकों में लोगों में चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि तस्कर रात के समय और सुनसान रास्तों का फायदा उठाकर अवैध मवेशी शहर और बाजार में पहुंचाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर तस्करी को रोका नहीं गया, तो आने वाले दिनों में कई जानवरों की चोरी और अवैध व्यापार के मामले सामने आएंगे।