57 लाख से 1.06 करोड़ रुपये तक तय की गई है फ्लैट की कीमत
गोरखपुर। शहर में तेजी से विकसित हो रहे गोरखनाथ क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से युक्त बहुमंजिला आवासीय परिसर में अब घर पाने का अवसर शुरू हो गया है। गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने शुक्रवार से कुश्मी एन्क्लेव परियोजना के लिए फ्लैटों का पंजीकरण शुरू कर दिया है। इच्छुक लोग 17 नवंबर तक आवेदन कर सकते हैं।
पांच एकड़ में फैली इस परियोजना में कुल 286 फ्लैट बनाए जाएंगे। टू बीएचके फ्लैट (860 वर्ग फीट) की कीमत लगभग 57 लाख रुपये, थ्री बीएचके (1380 वर्ग फीट) की कीमत लगभग 94 लाख रुपये, जबकि सर्वेंट क्वार्टर सहित थ्री बीएचके (1560 वर्ग फीट) की कीमत करीब 1.06 करोड़ रुपये तय की गई है। परियोजना को ढाई साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है और निर्माण का जिम्मा गोरखपुर की स्थानीय फर्म जीत एसोसिएट्स को दिया गया है।
परियोजना में दो ब्लॉक- ए और बी बनाए जाएंगे। ए ब्लॉक में दो टावर होंगे, जबकि बी ब्लॉक में तीन। प्रत्येक टावर स्टिल्ट प्लस 11 मंजिला होगा। ए ब्लॉक के टावरों में कुल 88 टू बीएचके फ्लैट, जबकि बी ब्लॉक में 198 थ्री बीएचके और सर्वेंट रूम वाले फ्लैट बनाए जाएंगे। परिसर में क्लब बिल्डिंग, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और 397 कारों की क्षमता वाली पार्किंग भी होगी।
तेजी और मजबूती के लिए मिवान तकनीक
निर्माण में मिवान तकनीक का प्रयोग किया जाएगा, जो एल्यूमिनियम फार्मवर्क आधारित आधुनिक प्रणाली है। इससे निर्माण कार्य तेज, टिकाऊ और उच्च गुणवत्ता वाला होगा। जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन ने बताया कि कुश्मी एन्क्लेव एक अत्याधुनिक परियोजना है। आवेदक जीडीए की वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीकरण करा सकते हैं। हमारा लक्ष्य ढाई साल में सभी फ्लैट तैयार कराना है।