गोरखपुर। कैंट थाना क्षेत्र के डीडीयू गेस्ट हाउस के पास बदमाशों ने एक कंपनी के बुजुर्ग कर्मचारी के चेहरे पर स्प्रे मारकर 400 रुपये लूट लिए। घटना बृहस्पतिवार की शाम साढ़े सात बजे हुई। तहरीर के आधार पर पुलिस सीसीटी कैमरों की फुटेज से आरोपियों की पहचान कर रही है।
जानकारी के अनुसार, बिलंदपुर के अनूप मिश्र सिविल लाइंस स्थित एक निजी कंपनी के कार्यालय में कर्मचारी हैं। बृहस्पतिवार की शाम लगभग साढ़े सात बजे वह पैदल ही घर लौट रहे थे। आरोप है कि छात्रसंघ चौराहे की ओर से पैदल आ रहे दो लोगों ने डीडीयू गेस्ट हाउस के पास उनको रोक लिया। वह कुछ समझ पाते। इसके पहले उनमें से एक युवक ने उनके चेहरे पर स्प्रे मार दिया। जलन होने के बाद वह अचेत होकर सड़क पर गिर गए। उनकी जेब में रखे 400 रुपये निकालकर बदमाश भाग गए। रास्ते से गुजर रहे एक राहगीर ने उनको उठाया। सीओ कैंट योगेंद्र सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से बदमाशों की जानकारी जुटाई जा रही है।