Eastern Corridor : आधिकारिक तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इसका शुभारंभ करेंगे। वहीं, 30 सितंबर से पहले इलेक्ट्रिक इंजन और खाली मालगाड़ियों कोे दौड़ाकर लिंक लाइन का एक और ट्रायल किया जाएगा। इसका उद्घाटन 15 अगस्त से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाना था।
ग्रेटर नोएडा। डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कारपोरेशन ऑफ इंडिया (डीएफसीसीआईएल) के ईस्टर्न कॉरिडोर की लिंक लाइन पर 30 सितंबर से मालगाड़ियों का संचालन शुरू हो जाएगा। हालांकि आधिकारिक तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इसका शुभारंभ करेंगे। वहीं, 30 सितंबर से पहले इलेक्ट्रिक इंजन और खाली मालगाड़ियों कोे दौड़ाकर लिंक लाइन का एक और ट्रायल किया जाएगा।
विज्ञापन
ईस्टर्न कॉरिडोर की लिंक लाइन खुर्जा से दादरी तक बनकर तैयार हो चुकी है। रविवार को फिर से लिंक लाइन का ट्रायल किया गया। डीएफसीसी के अफसरों ने बताया कि जल्द ही अब इलेक्ट्रिक इंजन से ट्रायल किया जाएगा। उसके बाद 10 सितंबर से खुर्जा से दादरी के बीच खाली मालगाड़ियां चलाई जाएंगी। लिंक लाइन पर 75 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से मालगाड़ियां चलेंगी।
इसका उद्घाटन 15 अगस्त से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाना था। मगर समय नहीं मिल पाने के कारण उद्घाटन तिथि आगे बढ़ा दी गई है। अधिकारियोें के मुताबिक 30 सितंबर तक दादरी से खुर्जा के बीच लिंक लाइन को चालू कर दिया जाएगा। मालगाड़ियां चलना शुरू हो जाएंगी। दादरी से खुर्जा और फिर इलाहाबाद तक मालगाड़ियां जा सकेंगी। इसके करीब छह माह बाद बिहार तक ईस्टर्न कॉरिडोर शुरू हो जाएगा। डीएफसीसी के अफसरों ने बताया कि ईस्टर्न कॉरिडोर की लिंक लाइन काफी महत्वपूर्ण है। यह ईस्टर्न कॉरिडोर को वेस्टर्न से जोड़ेगी। साथ ही कंटेनर डिपो, एनटीपीसी दादरी और दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग जंक्शन दादरी को जोड़ेगी। जो दिल्ली एनसीआर के लिए काफी फायदेमंद रहेगा।
विज्ञापन
दूसरे दिन भी ट्रायल रहा सफल
डीएफसीसीआईएल के मुख्य महाप्रबंधक अनिल कालरा ने रविवार को डीजल इंजन से ईस्टर्न कॉरिडोर की लिंक लाइन का दादरी से खुर्जा तक ट्रायल किया। सुबह 11:50 बजे इंजन खुर्जा के लिए रवाना हुआ और दोपहर 1:40 बजे खुर्जा पहुंचा। इस बीच मुख्य महाप्रबंधक ने बीच-बीच में रूककर लिंक लाइन का जायजा लिया। डीएफसीसी के अफसरों ने बताया कि ट्रायल सफल रहा है। यह रिपोर्ट मुख्यालय को भेज दी जाएगी।
ईस्टर्न कॉरिडोर की लिंक लाइन पर एक नजर
कुल लंबाई 54.378 किमी
रेल फ्लाई ओवर 02 (4.540 किमी)
मेजर ब्रिज 04
छोटे ब्रिज 51
रोड ओवर ब्रिज 08
मेजर रोड अंडर ब्रिज 02
छोटे रोड अंडर ब्रिज 43
फुट ओवर ब्रिज 08
ईस्टर्न कॉरिडोर का खुर्जा-दादरी रूट सबसे महत्वपूर्ण है। यह ईस्टर्न और वेस्टर्र कॉरिडोर के साथ दादरी में दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग, कंटेनर डिपो से जोड़ रहा है। यह छोटा सेक्शन है, लेकिन इस परियोजना का दिल है।