एयरोसिटी और सेक्टर-78 की साइटों ने तोड़े रिकॉर्ड, बड़ी साइटों को नहीं मिला खरीदार
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) ने दिवाली से पहले कमर्शियल और रेजिडेंशियल साइटों की नीलामी से 1911.68 करोड़ रुपए की ऐतिहासिक आमदनी दर्ज की है। यह आय मुख्य रूप से एयरोसिटी और सेक्टर-78 की साइटों से हुई है, जबकि बड़ी साइटों को इस बार भी खरीदार नहीं मिले।
कुल 144 साइटों में सिर्फ 72 ही बिकीं
गमाडा ने सितंबर माह में एयरोसिटी, आईटी सिटी, ईकोसिटी और सेक्टर 66 से 82 तक की कमर्शियल और रेजिडेंशियल कैटेगरी की कुल 144 साइटों की ई-नीलामी शुरू की थी। इनकी रिजर्व कीमत करीब 8600 करोड़ रुपये तय की गई थी, लेकिन इनमें से सिर्फ 72 साइटों की ही नीलामी सफल रही। इन्हीं के जरिए गमाडा ने 1911.68 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड कमाई की।
एयरोसिटी और सेक्टर-78 में निवेशकों की भारी दिलचस्पी
गमाडा ने पहली बार एयरोसिटी ब्लॉक-सी में चार शोरूमों के क्लस्टर के रूप में 16 साइटों को नीलामी में शामिल किया था।इनकी रिजर्व कीमत करीब 65 करोड़ रुपए थी, जिनमें से 14 साइटें बिक गईं। सबसे अधिक आकर्षण ब्लॉक-सी, पॉकेट नंबर 2 की एक साइट ने बटोरा, जिसकी कीमत करीब 80 करोड़ रुपए तक पहुंच गई। सेक्टर-78 की शोरूम साइटों को भी निवेशकों की जोरदार प्रतिक्रिया मिली। यहां की साइटें 6.5 करोड़ की शुरुआती कीमत के मुकाबले 7.1 से 10.4 करोड़ रुपए तक बिकीं।
रेजिडेंशियल कैटेगरी में भी सीमित प्रतिक्रिया
गमाडा की ई-नीलामी में कुल 8 रेजिडेंशियल प्लॉट ही बिक पाए। इनमें सेक्टर 67 के दो, सेक्टर 68 के दो, सेक्टर 82 (अल्फा आईटी सिटी) के दो और ईकोसिटी-2 के दो प्लॉट शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, रेजिडेंशियल सेगमेंट में अपेक्षित रिस्पॉन्स नहीं मिला, जबकि छोटे साइज की साइटों पर अधिक बोलियां आईं।
बड़ी साइटों के लिए नहीं मिला खरीदार
सूत्रों ने बताया कि इस बार भी बड़ी कॉमर्शियल साइटों और इंस्टीट्यूशनल कैटेगरी में खरीदारों की कमी रही। गमाडा आने वाले महीनों में इन साइटों की रिजर्व कीमतों में संशोधन कर अगली नीलामी की तैयारी कर रहा है।
गमाडा के लिए नीलामी बनी दिवाली बोनस
अधिकारियों का कहना है कि यह नीलामी वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक की सबसे बड़ी आमदनी रही है। गमाडा इस राशि का उपयोग इन्फ्रास्ट्रक्चर, रोड नेटवर्क, पार्किंग और शहरी विकास परियोजनाओं पर करेगा।