- मिशन शक्तिसैट के तहत 24 से 30 अगस्त तक कार्यक्रम, भारत की 20 छात्राएं भी होंगी शामिल
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। स्पेस इनोवेशन, स्टेम एजुकेशन और महिलाओं की वैज्ञानिक नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने के लिए गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) में अगस्त के अंतिम सप्ताह में बड़ा अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मिशन शक्तिसैट के तहत 108 देशों की गांव की छात्राएं अपने मेंटर के साथ जीबीयू में सैटेलाइट निर्माण की प्रक्रिया में भाग लेंगी। इसमें भारत की 20 छात्राएं भी शामिल होंगी। जीबीयू ने इस वैश्विक पहल के लिए स्पेस किड्ज इंडिया और इन-स्पेस के साथ साझेदारी की है। कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह ने बताया कि यह मिशन लगभग 108 देशों की 12,000 छात्राओं को एक साथ जोड़कर अंतरिक्ष विज्ञान, अनुसंधान और तकनीकी नवाचार का अवसर प्रदान करेगा। यह परियोजना महिला वैज्ञानिकों, इंजीनियरों और नवाचारकर्ताओं की नई पीढ़ी तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कुलसचिव प्रो. चंदर कुमार सिंह ने कहा कि इस आयोजन से जीबीयू की अंतरराष्ट्रीय पहचान और मजबूत होगी तथा भारत में महिला नेतृत्व वाले स्पेस मिशनों को नई गति मिलेगी। डीन एकेडमिक प्रो. राजीव वार्ष्णेय ने बताया कि चयन प्रक्रिया कई चरणों में पूरी की गई, जिसमें नवाचार क्षमता, नेतृत्व कौशल और समस्या समाधान क्षमता का मूल्यांकन किया गया। चयनित छात्राएं जीबीयू में सैटेलाइट निर्माण, स्पेस टेक्नोलॉजी और रिसर्च से जुड़ी आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण लेंगी। वे अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों के साथ मिलकर वास्तविक प्रोजेक्ट पर काम करेंगी। यह कार्यक्रम 24 से 30 अगस्त तक आयोजित होगा, जिससे भारत को स्पेस टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में नई वैश्विक पहचान मिलने की उम्मीद है।