अपराजिता:
-रबूपुरा के सरस्वती बाल मंदिर इंटर कॉलेज की छात्राओं ने आत्मरक्षा के दांवपेच भी जाने
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। रास्ते में कोई असामाजिक तत्व आपके साथ गलत हरकत करता या रोकने की कोशिश करता है तो पूरी ताकत से उसका प्रतिकार करें। इससे वह भागने पर मजबूर हो जाएगा। रबूपुरा के सरस्वती बाल मंदिर इंटर कॉलेज की छात्राओं को यह सीख शुक्रवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स कार्यक्रम में अनुदेशिका और आत्मरक्षा विशेषज्ञ नीशू कुमारी ने दी।
कंपोजिट विद्यालय मुस्तफाबाद की अनुदेशक और आत्म रक्षा प्रशिक्षक नीशू कुमारी ने छात्राओं को आत्मरक्षा के दांवपेच भी सिखाए। उन्होंने बताया कि कुछ छोटे-छोटे आत्मरक्षा के गुर की मदद से ताकतवर व्यक्ति को भी धूल चटाया जा सकता है। इस दौरान उन्होंने सिखाया कि कैसे छेड़छाड़ करने वाले का हाथ मोड़कर उसे मजा चखाया जा सकता है। इसके अलावा घुटने के पीछे थोड़ा सा दबाव डालकर सामने वाले को गिराया जा सकता है।
इस दौरान स्कूल के प्रधानाचार्य पवन कुमार शर्मा ने बताया कि छेड़छाड़ करने वाले अक्सर डरपोक होते हैं। वह किशोरियों के चुप रहने और बर्दाश्त करने पर ही आगे बढ़ते हैं। उन्होंने बताया कि इस तरह की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए और छात्राएं घर में अभिभावकों और स्कूल में शिक्षकों को इसकी जानकारी जरूर दें।
इस दौरान एक छात्रा ने पूछा कि छेड़छाड़ होने पुलिस को सूचना देने पर नाम तो सामने नहीं आता। इसपर नीशू कुमारी ने बताया कि छात्राएं महिला हेल्पलाइन 1090 को कॉल कर सकती हैं। यह शिकायत लखनऊ में कॉल सेंटर पर जाती है और शिकायत करने वाली छात्रा का नाम खोला जाता है। समस्या का निराकरण जल्द हो जाता है।