घर में घुसकर छेड़छाड़, पीड़िता और 2 भाइयों पर हमला
रबूपुरा। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में बृहस्पतिवार सुबह मोबाइल नंबर पूछने के लिए घर में घुसे आरोपी ने युवती से छेड़छाड़ की। विरोध करने पर पीड़िता को पीटा और उसके दो चचेरे भाइयों पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
गांव निवासी व्यक्ति ने कोतवाली में तहरीर दी है कि सुबह 10.30 बजे वह अपनी पत्नी व पुत्र के साथ खेत पर गया था। घर पर उसकी पुत्री अकेली थी। उसी दौरान गांव का एक युवक मोबाइल नंबर पूछने के बहाने घर में घुस आया। आरोप है कि उसने युवती से छेड़छाड़ शुरू कर दी। विरोध करने व शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। पीड़िता ने कॉल कर पिता को सूचना दी। आरोप है कि जब उसके पिता अपने भतीजे सतेंद्र और श्याम के साथ आरोपी के घर की ओर जाने लगे। तभी रास्ते में आरोपी सनी और उसके छोटे भाई नीरज ने दोनों भतीजों पर लाठी-डंडे से हमला कर घायल कर दिया। पुलिस ने पीड़िता और उसके भाइयों का मेडिकल परीक्षण कराया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।