राजगढ़ क्षेत्र के एक गांव में मोबाइल चला रही बालिका ने मां के डांटने पर कीटनाशक पी लिया। परिजनों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
क्षेत्र के एक गांव निवासी नौ वर्षीय बालिका शनिवार की सुबह घर में मोबाइल चला रही थी। उसकी मां ने उसे छोटे भाई को भोजन देने के लिए आवाज लगाई लेकिन बालिका मोबाइल देखने में मग्न रही।
मां द्वारा बार-बार आवाज लगाने पर भी बालिका ने अनसुना कर दिया। इस पर मां ने मोबाइल चलाने पर बालिका को डांट लगाते हुए पिटाई करने की धमकी दी। जिससे क्षुब्ध होकर बालिका ने घर में रखा कीटनाशक पी लिया।
किशोरी के मुंह से झाग निकलता देख मां ने पूछा तो उसने कीटनाशक पीने की बात बता कर अचेत हो गई। घबराए परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ में भर्ती करवाया। जहां पर चिकित्सकों द्वारा उसका इलाज किया जा रहा है।
उसकी हालत गंभीर बनी है। मनोचिकित्सक डॉ. राहुल सिंह ने बताया कि आजकल बच्चे मोबाइल अधिक चलाने के आदि हो रहे है। इस कारण वह चिड़चिड़े हो रहे है। उनको मोबाइल देखने से मना किया जाता है तो वह चिड़चिड़े स्वभाव के चलते गलत कदम उठा लेते है। इसलिए बच्चों को कम से कम मोबाइल चलाने के लिए दिया जाए। उनसे बात की जाए।