घटयात्रा में शामिल जैन समाज की महिलाएं। संवाद
- फोटो : घटयात्रा में शामिल जैन समाज की महिलाएं। संवाद
फिरोजाबाद। आचार्य वसुनंदी महाराज के सानिध्य में श्री छदामीलाल जैन मंदिर में पंचकल्याणक महोत्सव की शुरुआत हुई। इस अवसर पर गाजेबाजे के साथ घटयात्रा निकाली गई। जयकारों से मार्ग गूंज उठा। शाम को भी मंदिर में कार्यक्रम आयोजित हुए। जैन समाज के लोगों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया।
मंगल प्रवेश के साथ ही पांच दिवसीय पंचकल्याणक महोत्सव की प्रमुख घटयात्रा का शुभारंभ भी हुआ। जैनाचार्य वसुनंदी महाराज का भी नगर में मंगल प्रवेश हुआ। इस अवसर पर कोटला रोड स्थित अहिल्याबाई माता चौराहा पर श्रद्धालुओं ने भव्य अगवानी की। कोटला चुंगी, जलेसर रोड और सुभाष चौराहा होते हुए घटयात्रा छदामीलाल जैन मंदिर पहुंची। घटयात्रा में सबसे आगे-आगे नगाड़ों के साथ जैन ध्वज लिए घुड़सवार, उसके पीछे इंद्र-इंद्राणी स्वरूप, 108 इन्द्राणियां पीत वस्त्रों और स्वर्ण मुकुटों के साथ मंगल कलश धारण किए शामिल हुई। महोत्सव के पहले दिन ध्वजारोहण विनोद जैन, महावीर प्रसाद जैन और श्रेयांश जैन ने किया। न्यू तिलक नगर स्थित नव-निर्मित पद्मप्रभु जिनालय की वेदी का शुद्धिकरण भी गुरुवाणी के साथ किया गया।
इस अवसर पर विमलेश कुमार जैन सिंघई, मनीष जैन, आयुष जैन, दिनेश चंद्र जैन, विकास जैन, अजय जैन, यश जैन, मनोज जैन दद्दा, सुभाष जैन, अजय जैन एडवोकेट सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।