नूंह। खंड के राजकीय माध्यमिक विद्यालय बीवां में एक महीने तक चले तृतीय प्रो कबड्डी लीग का समापन रविवार को हो गया। प्रो कबड्डी लीग सीजन-3 का फाइनल मुकाबला फिरोजपुर नमक और घासेड़ा के बीच हुआ। रोमांचक मुकाबले में काफी अंकों से पिछड़ने के बाद घासेड़ा के खिलाड़ियों ने जबरदस्त वापसी करते हुए फाइनल मुकाबला जीत लिया। प्रो कबड्डी की विजेता टीम घासेड़ा दो बार खिताब अपने नाम कर चुका है। टीम ने 38-36 से कबड्डी मैच जीतकर इतिहास रच दिया।
कबड्डी लीग की शुरुआत इसी मैदान से हरियाणा दिवस के दिन 1 नवंबर हो हुई थी। एसडीएम हथीन एचसीएस वकील अहमद ने लीग का उदघाटन किया था। फाइनल में मुख्यातिथि के रूप में नलहड़ मेडिकल कालेज ऑर्थो विभाग के एचओडी डॉक्टर मंजीत ढांडा ने भाग लिया और विजेता खिलाड़ियों को नकद इनाम देने के अलावा ट्रैक सूट और स्मृति चिन्ह भेंट किए। करीब एक माह चली लीग की विजेता टीम घासेड़ा को 31 हजार रुपये व फाइनल ट्राफी दी गई तो उपविजेता रही फिरोजपुर नमक टीम को 21 हजार रुपये एवं उपविजेता ट्राफी दी गई।
तीसरे स्थान पर रहने वाली बिस्सर अकबरपुर और चौथे स्थान पर रही मालब टीम को 5100-5100 रुपये नकद इनाम के रूप में दिए गए। लीग का आयोजन एबीएस फाउंडेशन तथा एओवी एग्रो फूड के सहयोग से किया गया। एसएस संधू एवं ओपी अरोड़ा समाजसेवियों ने विशिष्ठ अतिथि के रूप में शिरकत की। अंतर्राष्ट्रीय कबड्डी कोच वेदराम के अलावा महिला कबड्डी खिलाड़ी मेवात के छपेड़ा गांव की बेटी महेंद्री सहित शिक्षा विभाग के बहुत से शिक्षकों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इस मौके पर प्रो कबड्डी लीग कमेटी के पदाधिकारी मास्टर अशरफ, मास्टर सफी मोहम्मद, मास्टर हामिद हुसैन, मास्टर सूबेदार, मास्टर वसीम इम्तियाज, हाजी खान मोहम्मद, हाजी नूरदीन, मामराज, वेदराम, आबिद हुसैन दानीबास सहित एबीएस फाउंडेशन के पदाधिकारी नवीन लाठर मौजूद रहे। नवीन लाठर ने कहा कि लीग के आयोजन पर जिले के खिलाड़ियों में खास उत्साह देखने को मिल रहा है। युवाओं ने बढ़ -चढ़कर कबड्डी लीग में भाग लिया।