- किराया और रखरखाव शुल्क नहीं देने पर दो कंपनियों ने दर्ज कराई प्राथमिकी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-61 स्थित शॉप्रिक्स मॉल में बार संचालकों पर पचास लाख रुपये की देनदारी छोड़ने का मामला सामने आया है। बार संचालकों पर दुकानों का किराया और रखरखाव शुल्क नहीं चुकाने का आरोप है। दो कंपनियों ने अदालत के आदेश पर सेक्टर-58 थाने में अलग-अलग मुकदमे दर्ज कराए हैं।
मऊ निवासी अमित कुमार सिंह मैसर्स ए न्यू एड्रेस कंसल्टेंसी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी से जुड़े हैं। उनकी कंपनी ने सितंबर 2024 में मॉल की दो दुकानें विनय प्रताप सिंह और चंदन सिंह को किराए पर दी थीं। दोनों ने मिलकर यहां बार शुरू किया था। शुरुआत में किराया देने के बाद दोनों ने भुगतान बंद कर दिया। इससे चालीस लाख रुपये का किराया बकाया हो गया। मॉल का रखरखाव करने वाली कंपनी का भी दस लाख रुपये बकाया है। रखरखाव कंपनी की प्रतिनिधि नेहा कौशिक ने रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। बार संचालक प्रतिष्ठान बंद कर बिना बकाया चुकाए चले गए। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अभय मिश्र ने बताया कि अदालत के आदेश पर दोनों प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।