ऑनलाइन जुए में मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर कारोबारी से 50 लाख ठगे
- व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर ताश के पत्तों वाला गेम खिलाया, रकम निकालने की कोशिश की तो बताने लगे नए नियम
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। नोएडा। कारोबार में कम मुनाफा मिलने पर ऑनलाइन गेम से कमाई करने के चक्कर में एक कारोबारी से पचास लाख रुपये ठग लिए गए। साइबर ठगों ने जुआ खेलने पर रकम दोगुनी करने का लालच दिया था। इस मामले में साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। ग्रेटर नोएडा के एक कारोबारी की पहचान 10 जून 2025 को सोशल मीडिया के जरिए रवींद्र पुजारा से हुई थी। आरोपी ने उन्हें ऑनलाइन गेम से अच्छी कमाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद उन्हें व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ा गया। एप्लीकेशन के जरिए ताश के पत्तों वाला ऑनलाइन गेम खेलने की जानकारी दी गई।
शुरुआत में निवेश पर हुआ मुनाफा:
गेम में रकम लगाने पर दोगुना मुनाफा मिलने का दावा किया गया। शुरुआत में निवेश पर अच्छा मुनाफा दिखाया गया। इससे कारोबारी का भरोसा बढ़ा और उन्होंने कारोबार के बजाय गेम में अधिक समय देना शुरू कर दिया। करीब एक साल तक अलग-अलग किस्तों में उनसे रकम जमा कराई गई। जब कारोबारी ने अपनी जमा पूंजी और मुनाफा बैंक खाते में भेजना चाहा तो आरोपियों ने शर्तें बताकर भुगतान रोक दिया। रकम वापस न मिलने पर उन्हें ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने साइबर सेल में शिकायत देकर बैंक खाते का ब्योरा और मोबाइल नंबर सौंपा। डीसीपी साइबर शैव्या गोयल ने बताया कि ठगी की रकम अलग-अलग किस्तों में 20 से अधिक बैंक खातों में भेजी गई। पुलिस इन खातों के धारकों और लेनदेन की कडि़या खंगाल रही है।
ऐसे ऑनलाइन गेम और जुए से रहें सावधान
- सोशल मीडिया पर अनजान लोगों के निवेश और कमाई से जुड़े प्रस्तावों पर भरोसा न करें।
- व्हाट्सएप और टेलीग्राम के अनजान ग्रुप में भेजे गए गेमिंग एप डाउनलोड न करें।
- किसी भी ऑनलाइन गेम में मोटे मुनाफे या रकम दोगुनी होने की गारंटी के झांसे में न आएं।
- गेमिंग एप के नाम पर किसी अनजान खाते में रुपये ट्रांसफर न करें।
- किसी को ओटीपी, बैंक डिटेल, यूपीआई पिन या स्क्रीन शेयरिंग की अनुमति न दें।
- ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें।