प्लॉट की रजिस्ट्री के नाम पर कारोबारी से 1.25 करोड़ से अधिक की ठगी
- सेक्टर-30 में जमीन बेचने का दिया था प्रस्ताव, रकम मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। प्लॉट खरीदने के लिए रकम देने के बावजूद रजिस्ट्री नहीं होने पर सेक्टर-26 निवासी कारोबारी गौरव कोहली ने एक दंपती समेत तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। पीड़ित का दावा है कि आरोपियों ने प्लॉट बेचने के नाम पर उनसे चेक, आरटीजीएस और नकद के जरिए 1.25 करोड़ रुपये से अधिक ले लिए। बाद में रजिस्ट्री करने से इनकार कर दिया। न्यायालय के आदेश पर सेक्टर-20 थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गौरव कोहली ने कोर्ट में अर्जी दी है कि वर्ष 2011 में सेक्टर-31 में उनके पड़ोस में रहने वाले चंद्र प्रकाश के माध्यम से उनकी पहचान रत्ना सेठी और उनके पति एचएम सेठी से हुई थी। दंपती ने उन्हें सेक्टर-30 स्थित एक प्लॉट बेचने का प्रस्ताव दिया। पीड़ित का आरोप है कि प्लॉट के लिए उन्होंने 12 लाख रुपये बैंक के माध्यम से और 75 लाख रुपये नकद दिए। इसके बाद उन्हें प्लॉट के मूल दस्तावेज भी सौंप दिए गए। शिकायत के अनुसार, वर्ष 2016 में चंद्र प्रकाश की मृत्यु के बाद गौरव ने रजिस्ट्री कराने के लिए कहा तो दंपती कथित तौर पर मुकर गया। बाद में एग्रीमेंट टू सेल तैयार कराया गया और इसके आधार पर 34.50 लाख रुपये अतिरिक्त ले लिए गए।
इस तरह कुल रकम 1.25 करोड़ रुपये से अधिक हो गई। कारोबारी का आरोप है कि रुपये वापस मांगने और रजिस्ट्री का दबाव बनाने पर उन्हें धमकाया गया। उन्होंने 28 सितंबर 2026 को सेक्टर-20 थाने और 30 सितंबर को पुलिस अधिकारी से शिकायत की थी। कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय की शरण ली। एसीपी प्रवीण सिंह ने बताया कि इस मामले में कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।