विजेंद्र गुप्ता ने कहा- कुछ और बड़े नेता भी गहलोत के रास्ते पर चलेंगे
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने रविवार को कहा कि आप के नेता और मंत्री पार्टी के रहनुमाओं की कार्यप्रणाली से खुश नहीं हैं और घुटन महसूस कर रहे हैं। मंत्री समझ चुके हैं कि कुछ बड़े नेताओं के निजी स्वार्थ पार्टी के उद्देश्यों पर भारी पड़ने लगे हैं। गहलोत खुद ही महसूस कर रहे हैं कि आप ने जनता के वादे पूरे नहीं किए।
जिन मुद्दों को भाजपा हर मंच पर लगातार उठाती रही है, गहलोत के इस्तीफे से उन सभी मुद्दों की सच्चाई प्रमाणित हो गई है। चाहे यमुना को साफ न करने का केजरीवाल का वादा हो या शीश महल में किए गए अवैध निर्माण और बेहिसाब खर्च का मुद्दा, सभी का भाजपा ने पुरजोर विरोध किया है। आप का झूठ और भ्रष्टाचार अब ज्यादा दिन चलने वाला नहीं है। आने वाले दिनों में कुछ और बड़े नेता भी गहलोत के रास्ते पर चल सकते हैं। वहीं, प्रदेश भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि डूबते जहाज को अब सब छोड़ने लगे हैं। दिल्ली से आम आदमी पार्टी की विदाई तय है। गहलोत का इस्तीफा ताबूत में आखिरी कील है। कट्टर ईमानदारी की अब पोल खुल गई है। सांसद प्रवीण खंडेलवाल कहा कि गहलोत के इस्तीफे ने केजरीवाल के ईमानदारी के ढोंग को उजागर किया है। साफ हो गया है कि पूरी पार्टी में असंतोष और आक्रोश का लावा है। खोखला वादा ज्यादा दिन नहीं चलता है।