शेयर बाजार में मोटे मुनाफे का लालच देकर महिला से 6.50 लाख रुपये ठगे
- टेलीग्राम से शुरू हुई बातचीत, व्हाट्सऐप और कॉल के जरिये जाल में फंसाया म्यूल खातों में रकम भेजे जाने का शक
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा कमाने की चाह एक महिला को भारी पड़ गई। साइबर ठगों ने सोशल मीडिया के जरिये संपर्क कर निवेश और ट्रेडिंग से जुड़े शुल्कों के नाम पर महिला से करीब 6.50 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। ठगी का पता चलने पर पीड़िता ने साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
नोएडा की रहने वाली महिला ने पुलिस को बताया कि सोशल मीडिया पर उनकी पहचान अरुण, करण, अभिषेक और नितिन नाम के लोगों से हुई थी। शुरुआत में आरोपियों ने टेलीग्राम पर शेयर बाजार में निवेश को लेकर बातचीत की। शिकायत के मुताबिक, अगस्त से अक्तूबर 2026 के बीच करीब दो महीने तक महिला ने अलग-अलग किस्तों में आरोपियों के बताए बैंक खातों में पैसे भेजे। पीडि़ता ने आईसीआईसीआई बैंक खाते से 2,41,212 रुपये और एचडीएफसी बैंक खाते से 3,29,224 रुपये ट्रांसफर किए। शिकायत मिलने पर पुलिस उन बैंक खातों की जांच कर रही है, जिनमें रुपये भेजे गए थे। शुरुआती जानकारी के अनुसार, ठगी की रकम म्यूल खातों में स्थानांतरित किए जाने का इनपुट मिला है। एसीपी साइबर विवे रंजन राय ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।