गायत्री रियलकॉन बिल्डर का कार्यालय और तीन दुकानें सील
- आरसी का पैसा नहीं जमा करने पर जिला प्रशासन की राजस्व टीम ने की कार्रवाई
- 7.45 करोड़ बकाया है गाायत्री रियलकॉन पर यूपी रेरा की आरसी का
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। जिला प्रशासन की राजस्व टीम ने उत्तर प्रदेश भूसंपदा विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) के रिकवरी सर्टिफिकेट (आरसी) का पैसा नहीं देने पर गायत्री हॉस्पिटेलिटी एंड रियलकॉन का कार्यालय और तीन दुकानें सील कर दी हैं। बकाया देने के बाद ही कार्यालय खोलने की अनुमति दी जाएगी। राजस्व टीम ने अन्य बिल्डरों को भी पैसा जमा नहीं करने पर कार्यालय सील करने की चेतावनी दी है।
अधिकारियों के मुताबिक गायत्री बिल्डर पर आरसी का 7.45 करोड़ रुपये बकाया है। बकाया राशि जमा नहीं करने पर बृहस्पतिवार को राजस्व टीम ने ग्रेनो वेस्ट के सेक्टर एक स्थित गायत्री हॉस्पिटेलिटी एंड रियलकॉन बिल्डर का सेल्स कार्यालय और बिल्डर की तीन दुकानें सील कर दी। अधिकारियों ने बताया कि बिल्डर के पैसे जमा नहीं करने पर सील की गई तीनों दुकानें नीलाम कर दी जाएंगी। अधिकारियों ने बताया कि बकाया नहीं जमा कराने पर बिल्डरों के खिलाफ वारंट जारी कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।
इससे पहले मंगलवार शाम राजस्व टीम ने नोएडा के सेक्टर-128 में जेपी एसोसिएट्स और सेक्टर-96 में सुपरटेक के कार्यालय को सील कर दिया था। दोनों बिल्डरों पर करीब 70 करोड़ रुपये बकाया है। अहम है कि सुपरटेक बिल्डर का कार्यालय पहले भी दो बार सील किया जा चुका है। उसके बाद भी बिल्डर आरसी का पैसा देने में लापरवाही बरत रहा है।
सात बिल्डरों को दिया 48 घंटे का समय
जिला प्रशासन ने दादरी तहसील के छह अन्य बिल्डरों को 48 घंटे का समय दिया है। तय अवधि में बकाया जमा नहीं कराने पर इन सभी के कार्यालय सील कर दिए जाएंगे। अधिकारियों के मुताबिक इनमें मॉर्फियस डेवलपर्स पर 8 करोड़ रुपये, सुपरसिटी डेवलपर्स पर 5 करोड़ रुपये, महागुन बिल्डर पर करीब 5 करोड़, अजनारा पर 2.5 करोड़, इको ग्रीन पर 2.5 करोड़, ग्रेनाइट हिल्स पर 1.5 करोड़ रुपये और देविका गोल्ड होम्स पर 40 लाख रुपये यूपी रेरा की आरसी का बकाया हैं। प्रशासन ने इन सभी बिल्डरों को चेतावनी दी है कि अगर 48 घंटे के अंदर आरसी का पैसा जमा नहीं किया तो उनके कार्यालय को भी सील करने की कार्रवाई की जाएगी।
कोट
बकायेदार बिल्डरों के खिलाफ वसूली का अभियान चलाया जा रहा है। यूपी रेरा की आरसी की बकाया राशि जमा नही करने वाले उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कार्यालय सील करने के साथ संपत्ति को भी कुर्क किया जाएगा। -
अतुल कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)