UP Board Result: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने बृहस्पतिवार को हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम जारी कर दिया। गौतमबुद्ध नगर में हाईस्कूल के 93.49 प्रतिशत और इंटरमीडिएट के 86.51 फीसदी विद्यार्थियों को सफलता मिली है। 10वीं में सेठ तुलाराम सरस्वती विद्या मंदिर,जेवर के देवेश कुमार ने 600 में से 566 अंक लाकर जनपद में पहला स्थान हासिल किया हैं। वहीं इंटर में केसीएस बालिका इंटर कॉलेज,सूरजपुर की छात्रा व किसान की बेटी हिमांशी शर्मा ने 500 में से 456 अंक पाकर जनपद में पहला स्थान हासिल किया है। देवेश के 94.33 प्रतिशत व हिमांशी के 91.20 प्रतिशत आए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि हाईस्कूल में 22774 छात्र- छात्राएं पंजीकृत थे। जिसमें से 21587 ने परीक्षा दी। 20181 को सफलता मिली है। वहीं इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए 20175 छात्रों ने पंजीकृत कराया था। जिसमें से 19502 परीक्षा में बैठे। 16,572 पास हुए। उन्होंने बताया कि हाईस्कूल में दूसरे स्थान पर एसबीएस इंटर कॉलेज रोजा जलालपुर की ऋषिका कुमारी(93.17) व तीसरे पायदान पर एसआरएस इंटर कॉलेज खेड़ा धर्मपुरा के हरिओम(93.00) ने जगह बनाई है। वहीं इंटर में मिहिर भोज बालिका इंटर कॉलेज की गौरांगी(89.60) ने दूसरा व दयावती मेमोरियल इंटर कॉलेज दादरी की गुरिया कुमार(81.00) ने तीसरा स्थान हासिल किया है।
किसान की बेटी ने पाई सफलता
इंटर के परिणाम में जनपद में टॉप करने वाली हिमांशी ने बताया कि उनके पिता किसान है। वह लखनावली में रहती है। चार भाई बहन हमेशा एक दूसरे की मदद के लिए आगे रहते हैं। उन्होंने बताया कि वह हर विषय को बराबर समय देती थी। उन्होंने बताया कि पिता के संघर्ष ने यह सफलता हासिल कराई है। उन्होंने बताया कि उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में ही काम करना है। वह अब प्रोफेसर बनने की तैयारी में जुट गई हैं। वहीं देवेश कुमार ने सफलता का श्रेय माता पिता के साथ शिक्षकों को दिया है। उन्होंने कहा कि वह आगे इससे भी अच्छा प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे।
परिणाम में लगाई लंबी छलांग
पिछले साल हाईस्कूल में जनपद को प्रदेश में 31वां स्थान मिला था। अबकी बार जनपद के छात्रों ने लंबी छलांग लगाकर आठवां स्थान हासिल किया है। वहीं इंटर ने पिछली बार जनपद को 14वां स्थान प्रदेश में मिला था। अबकी बार 12वें पायदान में जगह बनाने में सफल हुआ है। पिछले साल की अपेक्षा दोनों कक्षाओं में छात्राें ने शानदार प्रदर्शन किया है। नए डीआईओएस के कंधों पर जनपद की रैकिंग को बेहतर बनाए रखने का जिम्मा था। क्योंकि पिछले वाले डीआईओएस जनपद में लंबे समय तक रहे हैं। उनके कार्यकाल में पिछले साल रैंक खराब हो गई थी। इनकी लीडरशिप ने जनपद को हाईस्कूल में प्रदेश में टॉप 10 और इंटर में टॉप 15 में पहुंचा दिया है।